शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रुद्रप्रयाग

Rudraprayag News:अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने पर एक साल की कैद – One Year In Prison For Blackmailing By Creating Obscene Videos

November 13, 2026


रुद्रप्रयाग। नाबालिग का अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने और ब्लैकमेल करने के मामले में विशेष पॉक्सो अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए एक साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी पर 14 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। साथ ही पीड़िता को एक लाख रुपये प्रतिकर देने के आदेश दिए हैं।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं विशेष पॉक्सो न्यायाधीश नीना अग्रवाल की अदालत में मामले की सुनवाई हुई। अभियोजन के अनुसार, बिहार निवासी मुजाहिर आलम उर्फ मुन्तजिर रुद्रप्रयाग में मजदूरी करता था। इस दौरान उसने एक नाबालिग से संपर्क बढ़ाया। आरोप था कि उसने नाबालिग का अश्लील वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार संपर्क करने का दबाव बनाया। आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर पीड़िता को परेशान करता था। उसने पीड़िता पर शादी और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने की धमकी भी दी थी।

पीड़िता के पिता ने सात दिसंबर 2025 को कोतवाली रुद्रप्रयाग में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। अदालत ने साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया। आरोपी को पॉक्सो अधिनियम के तहत एक साल का कठोर कारावास और पांच हजार रुपये जुर्माना, जबकि अन्य धाराओं में छह माह से एक साल तक के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। जुर्माना अदा नहीं करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। आरोपी को सजा भुगतने के लिए जिला कारागार पुरसाड़ी चमोली भेजने के आदेश दिए गए हैं। पीड़िता को एक लाख रुपये का प्रतिकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग के माध्यम से दिया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X