Sambhal News:जनगणना बैठक में बाधा डालने और ईओ से अभद्रता का आरोप, रिपोर्ट की मांग – Allegations Of Disrupting A Census Meeting And Behaving Indecently Toward The Executive Officer (eo); Report Sought
संभल। बहजोई पालिका की अधिशासी अधिकारी अमिता वरूण ने पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र को शिकायतपत्र दिया है। उन्होंने भारत की जनगणना की बैठक में बाधा डालने का आरोप लगाया है। यह शिकायत वार्ड संख्या 21 की सभासद प्रियंका के पति और वार्ड संख्या 3 के सभासद धर्मपाल उर्फ डीपी के खिलाफ की गई है।
अधिशासी अधिकारी ने वार्ड संख्या 21 की सभासद को नोटिस भी जारी किया है। उनसे तीन दिन में जवाब मांगा गया है कि उनके पति उनकी जगह बैठक में क्यों शामिल हुए। बैठक में खुद शामिल न होने और पति को भेजने पर सभासद के खिलाफ शासन स्तर पर पत्राचार करने की चेतावनी दी गई है।
शुक्रवार सुबह 11:30 बजे बहजोई कार्यालय में यह बैठक हुई थी। आरोप है कि सभासद पति और दूसरे वार्ड के सभासद ने सरकारी कार्य में बाधा डाली। उन्होंने जनगणना से अलग विषयों पर बात करके बैठक में व्यवधान उत्पन्न किया।
अधिशासी अधिकारी ने शिकायती पत्र में कहा है कि सभासद पति और दूसरे वार्ड के सभासद ने अन्य सभासदों को भड़काने का प्रयास किया। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि वह दलित महिला हैं। उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
