Ambedkar Nagar News:जेवर-नकदी चोरी के आरोपी को मिली जमानत – Accused In Theft Of Jewellery And Cash Granted Bail
अंबेडकरनगर। मालीपुर क्षेत्र में घर में घुसकर नकदी और जेवरात चोरी करने के मामले में सत्र न्यायालय ने सीतापुर के रेउसा क्षेत्र के चंदौली निवासी रंजीत चौहान को जमानत दे दी। सत्र न्यायाधीश चंद्रोदय कुमार ने 50 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के दो जमानतदारों पर रिहाई का आदेश दिया।
मामला 23-24 मई 2026 की रात का है। आरोप है कि चार अज्ञात लोग अनुज कुमार चौहान के घर में घुस गए थे। उन्होंने पिस्टल और धारदार हथियार दिखाकर परिवार को डराया। एक आरोपी ने अनुज के भतीजे विशाल की कनपटी पर पिस्टल लगा दी थी। इसके बाद 2.63 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, करीब दो किलो चांदी का सामान और कीमती कपड़े ले गए थे। इस मामले में 24 मई को प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
शुरुआत में मुकदमा लूट और डकैती की धाराओं में दर्ज हुआ था, लेकिन विवेचना के दौरान इन्हें हटाकर चोरी की धाराएं जोड़ दी गईं। सहआरोपियों के कथित बयानों के आधार पर रंजीत का नाम सामने आया।
बचाव पक्ष ने दलील दी कि आरोपी नामजद नहीं था और उसके पास से कोई बरामदगी भी नहीं हुई। अभियोजन ने 17 मुकदमों का हवाला देकर जमानत का विरोध किया। हालांकि, अदालत ने आरोपी की भूमिका में अंतर नहीं पाया। साथ ही गवाहों को प्रभावित नहीं करने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ नहीं करने की शर्त लगाई।
