Patiala News:धान खरीद बंद होने पर किसानों ने दिया धरना – Farmers Staged A Protest Following The Suspension Of Paddy Procurement
पटियाला। पंजाब में धान खरीद बंद होने के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा ने शुक्रवार को डीसी कार्यालय के सामने धरना दिया। किसान नेताओं ने सरकार से धान की खरीद तुरंत दोबारा शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मालवा में अभी एक तिहाई धान खेतों और मंडियों में बाकी है।
मोर्चा ने खरीद बंद करने के फैसले को किसानों के हित में नहीं बताया। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। सरकार को इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। किसानों ने गन्ने का भाव बढ़ाने की भी मांग उठाई। उन्होंने पिछले बकाया भुगतान को तुरंत जारी करने की मांग की। किसान नेताओं ने बताया कि सितंबर में सरकार ने गन्ने का भाव बढ़ाने का लिखित भरोसा दिया था, लेकिन इस संबंध में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। धरने के दौरान मुख्यमंत्री के नाम एक मांगपत्र पटियाला तहसीलदार मनदीप सिंह को सौंपा गया। मनदीप सिंह ने इसे पंजाब सरकार तक पहुंचाने का भरोसा दिया। धरने को दविंदर सिंह पूनिया, सुखविंदर सिंह लाली और दर्शन सिंह बेलूमाजरा सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। इस मौके पर कई किसान नेता भी मौजूद रहे।
