शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हरिद्वार

Haridwar News:लोन क्लोजर के 1.44 लाख हड़पने में कर्मचारी गिरफ्तार – Employee Arrested For Embezzling Rs 1.44 Lakh For Loan Closure

November 14, 2026


हरिद्वार। लोन क्लोजर की रकम कंपनी में जमा कराने के बजाय हड़पकर फरार हुए भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के पूर्व लोन अधिकारी को रानीपुर पुलिस ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक ग्राहक से लोन बंद कराने के नाम पर 1.44 लाख रुपये लिए थे, लेकिन रकम कंपनी की शाखा में जमा नहीं कराई। जुलाई 2026 से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि जगजीतपुर कनखल निवासी आशीष गोयल ने 23 जुलाई 2026 को कोतवाली रानीपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड की शिवालिक नगर शाखा से लोन लिया था। लोन क्लोजर के लिए निर्धारित 1,44,300 रुपये कंपनी के तत्कालीन लोन अधिकारी एवं फील्ड ऑफिसर मिंटू कुमार गुर्जर समेत अन्य लोगों ने ले लिए लेकिन यह रकम कंपनी की शाखा में जमा नहीं कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले में नामजद आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने लगातार दबिश दी। ऑपरेशन प्रहार के तहत प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित टीम ने मुख्य आरोपी मिंटू कुमार की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद 12 नवंबर को पुलिस टीम ने आरोपी मिंटू कुमार निवासी ग्राम नयागांव, थाना नकुड़, जिला सहारनपुर को पीपली, कुरुक्षेत्र हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भारत फाइनेंस की शिवालिक नगर शाखा में लोन अधिकारी के पद पर कार्यरत था। उसने आशीष गोयल से लोन क्लोजर के 1,44,300 रुपये लिए थे लेकिन कंपनी में जमा कराने के बजाय खुद रख लिए। बाद में रकम खर्च कर दी और शाखा छोड़कर फरार हो गया था।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X