शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सीतापुर

Sitapur News:ओवरब्रिज के लिए अधिग्रहीत जमीन का मिलेगा दोगुना मुआवजा – Double Compensation To Be Provided For Land Acquired For The Overbridge

November 14, 2026


महमूदाबाद। महमूदाबाद-लखनऊ मुख्य मार्ग पर रेलवे समपार 32सी पर निर्माणाधीन उपरिगामी सेतु (आरओबी) के लिए भूमि अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर बृहस्पतिवार को तहसील सभागार में बैठक हुई। इसमें एसडीएम सुधीर कुमार ने किसानों और भूस्वामियों को बताया कि सेतु निर्माण में जिन किसानों की भूमि अधिग्रहीत होगी, उन्हें सर्किल रेट का दोगुना मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, भवनों का मूल्यांकन अलग से कराया जाएगा। सेतु निर्माण के लिए करीब 120 करोड़ रुपये की धनराशि जारी हो चुकी है।

बैठक में एसडीएम ने बताया कि सेतु निर्माण के लिए करीब 60 किसानों की भूमि अधिग्रहीत करने के संबंध में प्रपत्र तैयार किए गए हैं। शासनादेश के अनुसार मुआवजा दिए जाने की जानकारी भी भूस्वामियों को दी गई। हालांकि, किसानों ने निर्माण कार्य शुरू होने से पहले मुआवजा निर्धारित न किए जाने और नोटिस जारी न होने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सेतु निगम ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया है।

इस मुद्दे पर पहले भी भूस्वामी विधायक और जिलाधिकारी के सामने अपनी समस्या रख चुके हैं। उस समय सेतु निगम और तहसील प्रशासन के बीच भी भूमि अधिग्रहण को लेकर जिम्मेदारी के सवाल उठे थे। बृहस्पतिवार को हुई बैठक में तहसीलदार उमाशंकर त्रिपाठी, नायब तहसीलदार दीक्षा शुक्ला, लेखपाल पूर्णेंदु प्रकाश, रमाकांत रावत सहित किसान फारुख, उस्मान, रिजवान, दीपक वर्मा आदि मौजूद रहे।

——————–

आवासीय भूमि के मुआवजे पर अभी असमंजस

रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में अधिग्रहीत होने वाली आवासीय भूमि के मुआवजे को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। कई भूस्वामियों ने अपनी जमीन आवासीय घोषित करा रखी है। एसडीएम सुधीर कुमार ने बताया कि आवासीय दर्ज भूमि के संबंध में उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया जाएगा। इसके बाद ही मुआवजे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X