बलरामपुर। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्या को जिला समाज कल्याण अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। शुक्रवार को उन्होंने कार्यभार संभालने के बाद विभागीय कर्मचारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं और लंबित कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने कर्मचारियों से विभाग में संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। उन्होंने विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत भी दी।
विदित हो कि जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता को बीते दिनों भ्रष्टाचार और उत्पीड़न के आरोपों में निलंबित कर दिया गया था। उनके निलंबन के बाद जिला समाज कल्याण अधिकारी का पद रिक्त चल रहा था। विभागीय कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्या को समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। सीडीओ हिमांशु गुप्ता ने बताया कि निदेशालय से नए अधिकारी की तैनाती होने तक यशवंत मौर्या दोनों विभागों की जिम्मेदारी संभालेंगे।