शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रायबरेली

Raebareli News:लाठी डंडों और चाकू से युवक पर हमला, हालत गंभीर – Youth Attacked With Sticks, Clubs, And Knives; Condition Critical

November 14, 2026


रायबरेली। भदोखर क्षेत्र के नथईपुर मजरे बेला भेला गांव में स्कूल में मिट्टी डालने के विवाद में निर्माण कंपनी के मुंशी पर चाकुओं और लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। सीने पर चाकू लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी से एम्स रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने चार नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

हरचंदपुर थाना क्षेत्र के डेडौली निवासी छबीनाथ का बेटा हिमांशु पाल (26) एक निर्माण कंपनी में मुंशी है। कंपनी को नथईपुर गांव के कंपोजिट विद्यालय में मिट्टी डालने का काम मिला है। बताया जाता है कि कुछ लोग स्कूल में मिट्टी डालने का विरोध कर रहे थे। इसी को लेकर कंपनी और विरोध करने वालों के बीच विवाद चल रहा था।

हिमांशु के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे वह नयापुर के पास से जा रहा था। तभी चार लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गालीगलौज शुरू कर दी। इसके बाद लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। सीने में चाकू लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमलावर उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग निकले।

राहगीरों ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स रेफर कर दिया गया। सूचना पर भदोखर प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र आनंद ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

सीओ आशीष निगम ने बताया कि तेजा यादव, नयन यादव, अंकुश यादव निवासी कलसहा, सचिन सिंह निवासी नथईपुर और तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। विवाद के कारणों की भी जांच हो रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X