Gonda News:स्कूल की खिड़की तोड़ इन्वर्टर उठा ले गए चोर – Thieves Broke A School Window And Made Off With An Inverter
बेलसर। तरबगंज के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बकियापुर में बुधवार रात चोर खिड़की की सरिया काटकर इन्वर्टर चोरी कर ले गए। चोरों ने विद्यालय के कार्यालय और कक्षा-कक्षों के ताले भी कटर से काटने का प्रयास किया। बृहस्पतिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर प्रधानाध्यापक शिवपूजन सिंह ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सीओ तरबगंज डॉ. उमेश्वर प्रभात सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। बेसिक विद्यालयों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ ने कड़ा रुख अपनाया है। बृहस्पतिवार को संघ के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह और उपाध्यक्ष विनय सिंह बिसेन समेत अन्य शिक्षकों ने तरबगंज थाने पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक से मुलाकात की। शिक्षकों ने लगातार हो रही घटनाओं पर रोष जताते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
