शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Pilibhit News:हादसे में मजदूर की मौत, परिजन ने शव रखकर लगाया जाम – Worker Dies In Accident; Family Members Block Road With His Body
पीलीभीत

Pilibhit News:हादसे में मजदूर की मौत, परिजन ने शव रखकर लगाया जाम – Worker Dies In Accident; Family Members Block Road With His Body

November 14, 2026


बीसलपुर। कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र के गांव सादिया लाडपुर में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 25 वर्षीय मजदूर की बृहस्पतिवार रात को मौत के बाद शुक्रवार को परिजन और ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। पोस्टमाॅर्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने मृतक की पत्नी को 35 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर बिलसंडा नहर तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब 4:15 बजे शुरू हुए प्रदर्शन से चार मार्गों पर आवागमन ठप हो गया। काफी देर तक चले हंगामे और अधिकारियों की मान-मनौव्वल के बाद विधायक विवेक वर्मा के आश्वासन पर परिजन और ग्रामीण धरना समाप्त करने को राजी हुए।

गांव सादिया लाडपुर निवासी रामशरण मौर्य का 25 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार मौर्य गांव के बाहर स्थित कोल्हू पर मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार देर रात करीब दो बजे वह किसान की बैलगाड़ी से गन्ना उतारकर अपने कंधे पर लादकर कोल्हू की ओर जा रहा था। इसी दौरान बीसलपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग गया।

कोल्हू संचालकों ने घायल मनोज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन बरखेड़ा कस्बे के पास रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमाॅर्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे व सरकारी नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

———————

चार मार्गों पर लगी वाहनों की लंबी कतारें

ग्रामीणों ने बिलसंडा नहर तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते बिलसंडा मार्ग, बीसलपुर मार्ग, चीनी मिल मार्ग और सादिया लाडपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ वाहन चालकों ने जाम से निकलने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारियों ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी हुई। सूचना पर सीओ राहुल पांडेय, तहसीलदार हबीब उर रहमान अंसारी, नायब तहसीलदार प्रखर सिंह और कोतवाल संजीव शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाते हुए उनकी मांगें उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण लिखित आश्वासन मिलने तक जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। बाद में विधायक विवेक वर्मा के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ।

सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि हादसे के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई योगेश कुमार की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। तहरीर में ट्रक का नंबर दर्ज कराया गया है, जबकि चालक को अज्ञात बताया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मृतक अपने पीछे पिता रामशरण मौर्य, मां कांति देवी, पत्नी रेणु देवी, पुत्र रितेश कुमार और पुत्री अनाया देवी को छोड़ गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X