पूरनपुर। नगर के एपी इंटर कॉलेज में 11 नवंबर की रात चोरी की घटना हुई। चौकीदार ने लोगों की मदद से एक चोर को चोरी के सामान सहित पकड़ लिया। हालांकि, चोर के अन्य साथी हमला कर उसे और 40 लीटर डीजल चोरी कर भाग गए।
कॉलेज के प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा ने बताया कि चोर दीवार फांदकर अंदर घुसे थे। कॉलेज के बाहर साइकिल स्टैंड लगाने वाले ने चोरों को देखा। उसके एक साथी ने दीवार पर चढ़े चोर की वीडियो बनानी शुरू कर दी। उसने तुरंत कॉलेज पहुंचकर चौकीदार को चोरी की सूचना दी। चौकीदार ने अन्य लोगों के साथ मिलकर कॉलेज में चोरी कर रहे एक चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया। चोरों के अन्य साथियों ने चौकीदार और अन्य लोगों पर हमला कर दिया। वे अपने पकड़े गए साथी को छुड़ाकर भागने में सफल रहे।
प्रधानाचार्य ने शुक्रवार को कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दी है। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।संवाद