शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:हर्ष की मौत के बाद परिजनों ने कॉलेज प्रशासन पर उठाए सवाल – Following Harsh’s Death, Family Members Raised Questions About The College Administration

November 14, 2026


नानौता/गाजियाबाद। गाजियाबाद स्थित राजकुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के हॉस्टल की छठी मंजिल से गिरकर छात्र हर्ष सिसोदिया की मौत के मामले में शुक्रवार को परिजनों ने कॉलेज प्रशासन से मुलाकात की। परिजनों ने घटना से जुड़े कई सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नानौता निवासी हर्ष सिसोदिया गाजियाबाद के आरकेजीआईटी में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र था। परिजनों का आरोप है कि हॉस्टल में कुछ छात्र उसे परेशान कर रहे थे। शुक्रवार को परिजन कॉलेज पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन के रिकॉर्ड में हर्ष के हॉस्टल से बाहर जाने का कोई गेट पास नहीं मिला है। पुलिस प्रशासन की ओर से भी गेट पास का रिकॉर्ड नहीं होने की जानकारी दी। ऐसे में परिजनों ने सवाल उठाए कि हर्ष हॉस्टल से बाहर गया था तो वह किस प्रक्रिया के तहत गया और उसका रिकॉर्ड क्यों उपलब्ध नहीं है। हर्ष के पिता अरविंद सिसौदिया के मुताबिक, घटना के बाद हॉस्टल वार्डन ने फोन पर उन्हें बताया था कि हॉस्टल में पुलिस पहुंची है।

वहीं, शुक्रवार को कॉलेज के डीन ने परिजनों को बताया कि पांच नवंबर की रात हॉस्टल में पुलिस नहीं पहुंची थी। दोनों बयानों में अंतर को लेकर परिजनों ने कॉलेज प्रशासन से जवाब मांगा है। परिजनों ने हर्ष के मामले में अब तक कार्रवाई के बारे में जानकारी मांगी। परिजन हॉस्टल से हर्ष का सामान अपने साथ ले आए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X