लोनी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर मार्ग स्थित शिवेन अस्पताल में शुक्रवार देर रात हथियारबंद हमलावरों ने इन्फ्लुएंसर हाजी सलमान के परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि चार बदमाशों ने अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि कई राउंड फायरिंग की। हमले के दौरान परिवार के लोगों ने टॉयलेट में छिपकर अपनी जान बचाई। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।
गौरी पट्टी निवासी हाजी सलमान की मां संजीदा के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे उनका छोटा बेटा शाहनवाज पत्नी नसीमा और बेटे अफजल के साथ कार से अस्पताल पहुंचा था। नसीमा को उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। डॉक्टर उसकी जांच कर रहे थे, तभी चार हमलावर वहां पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने पहले कार के चारों पहियों की हवा निकाल दी और पत्थर-डंडों से हमला कर शीशे तोड़ दिए। इसके बाद अस्पताल में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
इस दौरान अस्पताल में काम करने वाली मुस्तफाबाद निवासी बुजुर्ग महिला नसीमा के साथ भी मारपीट और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप है। रात करीब 11 बजे हुई घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे। परिवार ने हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है। हाजी सलमान फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।