महादेव बेटिंग एप का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। इसके बाद महादेव सट्टेबाजी एप मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने बीते कुछ दिनों में छह राज्यों में पैनल ऑपरेटर्स के 33 जगहों पर रेड मारी है। जांच एजेंसी के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में पिछले दिनों छह राज्यों में पैनल ऑपरेटर्स के 33 ठिकानों पर छापेमारी कर ऑपरेटरों के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया।
इस छापेमारी के दौरान कई जगह लाइव सट्टा और जुए के पैनल मिले हैं, जिसे सीबीआई ने बंद करवाया। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इससे जानकारी मिली है कि दूसरे लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर सट्टे की रकम जमा की जाती थी और हवाला के जरिये विदेशों में पैसे भेजे जाते थे। यह कार्रवाई सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की गई। उसे 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाया गया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर रायपुर की स्पेशल कोर्ट से आठ दिन की रिमांड मिली थी।
डिजिटल सबूतों के आधार पर सवाल-जवाब
सीबीआई के अनुसार, सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ में बताया कि यह प्लेटफॉर्म कैसे काम करता है और भारत में इसके पैनल ऑपरेटरों का नेटवर्क किस तरह फैला हुआ है। जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजी और डिजिटल सबूतों के आधार पर उससे सवाल-जवाब किए गए। जांच एजेंसी सट्टा एप मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इसमें विदेश में मौजूद आरोपी, इस काम में सहायता करने वाले लोग और इससे जुड़े सरकारी अधिकारी शामिल हैं। दूसरी ओर फरार चल रहे अन्य आरोपियों को वापस लाने (प्रत्यार्पण) की प्रक्रिया भी चल रही है।
सीबीआई जांच में क्या मिला सुराग?
छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से मामला मिलने के बाद सीबीआई ने महादेव ऑनलाइन बुक’ के संबंध में दो एफआईआर दर्ज की है। अब तक की जांच से पता चला है कि यह प्लेटफॉर्म विदेश से एक मुख्य कार्यालय के जरिए चल रहा था। भारत में पैनल ऑपरेटरों के एक बड़े नेटवर्क के जरिये काम करता है। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी देखते हैं। सट्टेबाजी का पैसा उन बैंक खातों में जमा करते थे, जो दूसरे लोगों के नाम पर या किराये पर खोले गये थे। हवाला के माध्यम से पैसा विदेशों में भेजा जाता था।