शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सावधान:मोटापे के साथ आती हैं ये 10 गंभीर बीमारियां, 20 से 30 साल के युवाओं को भी खतरा; तत्काल छोड़ दें ये आदत – Obesity Raises Risk Of 10 Serious Diseases As Diabetes Cases Rise Among Young Adults
मैनपुरी

सावधान:मोटापे के साथ आती हैं ये 10 गंभीर बीमारियां, 20 से 30 साल के युवाओं को भी खतरा; तत्काल छोड़ दें ये आदत – Obesity Raises Risk Of 10 Serious Diseases As Diabetes Cases Rise Among Young Adults

November 14, 2026


आधुनिक जीवनशैली की भागदौड़, बढ़ता मोटापा, मानसिक तनाव और अनियमित दिनचर्या अब 20 से 30 वर्ष की उम्र के युवाओं को भी तेजी से मधुमेह की चपेट में ले रही है। चिंताजनक स्थिति यह है कि बीते 10 से 15 वर्षों में युवा रोगियों की संख्या दोगुने से अधिक हो गई है। एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में आने वाले 15 से 20 फीसदी मरीजों में इस रोग की पुष्टि हो रही है।

जांच और पूछताछ में सामने आया है कि इन पीड़ितों का वजन और बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) सामान्य से अधिक है। अधूरी नींद, देर रात तक जागकर मोबाइल व लैपटॉप पर समय बिताना, पौष्टिक आहार के बजाय फास्टफूड का अधिक सेवन और धूम्रपान इसकी बड़ी वजह बन रहे हैं। इसके अलावा परिवार में किसी सदस्य को यह समस्या होने पर बच्चों में भी इसके लक्षण मिल रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार, यदि 5 साल तक शुगर का स्तर अनियंत्रित रहे तो हृदय रोग, कोलेस्ट्रॉल, नसों की कमजोरी, आंखों की रोशनी कम होने, किडनी खराब होने, ब्रेन स्ट्रोक, डायबिटिक फुट और उच्च रक्तचाप समेत 10 गंभीर बीमारियों का खतरा 5 गुना बढ़ जाता है। विशेषज्ञों ने लोगों को बीएमआई 25 से नीचे रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया है।

बॉक्स 1: डायबिटिक फुट का खतरा, पैर काटने तक की नौबत

आगरा सर्जंस एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुनील शर्मा ने बताया कि रोगियों के चोट लगने पर जख्म न भरने से गैंग्रीन होने का खतरा रहता है, जिससे पैर काटने तक की नौबत आ जाती है। ऐसे में स्टूल पर बैठकर स्नान करने से पहले पैरों को अच्छी तरह साफ करें और नाखून सावधानी से काटें। बाहर जाते समय चप्पल के बजाय अच्छी गुणवत्ता के जूते पहनें, ताकि चोट से बचाव हो सके।

बॉक्स 2: बचाव के लिए इन बातों का रखें ध्यान

• रोजाना 40 से 50 मिनट पैदल चलें या साइकिल चलाएं।

• 6 से 8 घंटे की स्वस्थ नींद जरूर लें और देर रात तक न जागें।

• फास्टफूड से पेट न भरें, भोजन में फल, हरी सब्जी और सलाद शामिल करें।

• मैदा से बने और तले हुए भोजन को खाने से बचें।

• तनाव से दूर रहें, नियमित योग करें और धूम्रपान न करें।

एसएन मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के डॉ. आशीष गौतम ने बताया कि ओपीडी में आने वाले 15 से 20 फीसदी मरीजों में मधुमेह मिल रहा है। देर रात तक जागना, तनाव, धूम्रपान और फास्टफूड युवाओं को बीमार बना रहा है। लोग अपना बीएमआई 25 से नीचे रखें। 

एसएन मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के डॉ. प्रभात अग्रवाल का कहना है कि पांच साल तक शुगर अनियंत्रित रहने पर 10 तरह की बीमारियों का खतरा 5 गुना बढ़ जाता है। स्वस्थ रहने के लिए खाली पेट शुगर 100 और भोजन के बाद 180 से कम रहनी चाहिए। 

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X