Raebareli News:समितियों से डीएपी खाद गायब, बोआई का काम प्रभावित – Dap Fertilizer Missing From Cooperatives; Sowing Operations Affected
रायबरेली। रबी फसलों की बोआई के अहम समय में जिले की साधन सहकारी समितियों से डीएपी खाद गायब है। गेहूं, सरसों और आलू की बोआई के लिए किसान समितियों के चक्कर काट रहे हैं। कहीं समितियों पर ताला लटका है तो कहीं खाद के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। मजबूरी में किसानों को निजी दुकानों से महंगे दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है। समितियों पर डीएपी की एक बोरी का निर्धारित मूल्य करीब 1,350 रुपये है, जबकि निजी दुकानों पर यही बोरी 1,500 से 2,000 रुपये तक बेची जा रही है। कई समितियों पर डीएपी के बजाय एनपीके उपलब्ध है। राही, मुंशीगंज और परशदेपुर के पद्मनपुर बिजौली समेत कई समितियों में ताला लटका है।
बछरावां प्रतिनिधि के मुताबिक, ब्लॉक में कसरावां, बन्नावां, इचौली और नीमटीकर समेत 10 साधन सहकारी समितियां हैं। खाद न होने से ज्यादातर समितियां बंद हैं। किसान अशोक कुमार और शैलेंद्र ने बताया कि सरसों, गेहूं और आलू की बोआई का अनुकूल समय है, लेकिन जरूरत के वक्त खाद नहीं मिल रही है। बिना खाद बोआई करने से उत्पादन प्रभावित होगा। इफको केंद्र प्रभारी सीताराम ने बताया कि डीएपी आने पर वितरण किया जाएगा।
हलोर प्रतिनिधि के मुताबिक, महराजगंज साधन सहकारी समिति, हलोर और कोटवा मोहम्मदाबाद में डीएपी की किल्लत है। किसान जगत नारायण मिश्रा, पारसनाथ सिंह, प्रेमशंकर मिश्रा, प्रवीण त्रिपाठी, श्रवण चौधरी और राजकुमार ने बताया कि खाद न मिलने से सरसों और आलू की बोआई पिछड़ रही है।
डीह प्रतिनिधि के मुताबिक, क्षेत्र की समितियों पर यूरिया और एनपीके उपलब्ध है, लेकिन डीएपी नहीं मिल रही है। किसान प्रदीप कुमार और रामेश्वर ने बताया कि बोआई के समय खाद न मिलने से बाजार से खरीदनी पड़ रही है।
डीएपी खत्म, किसान मजबूर
परशदेपुर। क्षेत्र की बारा, संसारी और संघ परशदेपुर समितियों पर एनपीके का भंडार है, लेकिन डीएपी खत्म है। पद्मनपुर बिजौली समिति महीनों से बंद है। किसान रामकुमार ने बताया कि समिति बंद रहने से बाजार से खाद खरीदनी पड़ती है। सचिव संजय तिवारी ने बताया कि उनके पास छतोह और पद्मनपुर बिजौली समिति का प्रभार है। छतोह समिति को धान क्रय केंद्र बनाए जाने के कारण वह पद्मनपुर बिजौली नहीं पहुंच सके। वहां एनपीके की 450 बोरी उपलब्ध है। जल्द दूसरे सचिव की तैनाती होगी।
खाद के लिए जुटी किसानों की भीड़
रायबरेली। भोजपुर कस्बे की समिति पर खाद वितरण की सूचना पर सुबह से किसानों की भीड़ जुटी। कुछ को खाद मिली, जबकि कई को लौटना पड़ा। किसान रामनेवाज, बदाला देवी और मंशाराम ने बताया कि खाद न मिलने से बोआई प्रभावित हो रही है। सचिव धीरज सिंह ने बताया कि 230 किसानों को 480 बोरी खाद वितरित की गई।
