Hamirpur News:रेलवे फाटक संख्या-39 दस दिन रहेगा बंद – Railway Level Crossing Number 39 Will Remain Closed For Ten Days
= 15 से 25 नवंबर तक होगा मरम्मत कार्य, वैकल्पिक मार्गों से जाएंगे ग्रामीण
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। रेलवे ट्रैक की मरम्मत के चलते भरुआ सुमेरपुर-यमुना साउथ बैंक सेक्शन के बीच स्थित रेलवे समपार फाटक संख्या-39 दस दिन तक बंद रहेगा। उत्तर मध्य रेलवे ने 15 से 25 नवंबर तक इस फाटक से सड़क यातायात प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर उपेंद्र कुमार के अनुसार ग्राम भभौरा से गहतौली और जलाला जाने वाली सड़क पर रेलवे किमी 1363/19-21 में स्थित फाटक की मरम्मत कराई जानी है। कार्य 15 नवंबर सुबह आठ बजे से 25 नवंबर शाम छह बजे तक चलेगा। इस दौरान ग्रामीणों को आवागमन के लिए रेलवे फाटक संख्या-37 तथा समपार संख्या-40 और 41 से होकर गुजरना होगा। रेलवे ने जिलाधिकारी से मरम्मत अवधि में यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है। इसकी सूचना संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों, यातायात पुलिस और आरपीएफ को भी भेजी गई है। (संवाद)
