Ghazipur News:सत्यापन के नाम पर वसूली, कॉलेज प्रशासन और दुकानदार पर प्राथमिकी – Extortion In The Name Of Verification; Fir Registered Against College Administration And A Shopkeeper
गाजीपुर। छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन के नाम पर छात्रों से वसूली के मामले में स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर बृहस्पतिवार देर शाम जिला समाज कल्याण अधिकारी और जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने शहर कोतवाली में कॉलेज प्रशासन और गोरा बाजार स्थित एक निजी दुकान के संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि कॉलेज में छात्रों से बिना रसीद 70 से 100 रुपये तक वसूले जा रहे थे, जबकि निजी दुकान पर बायोमेट्रिक सत्यापन और आवेदन अग्रसारित करने के नाम पर 20-20 रुपये लिए जा रहे थे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक ने बताया कि जिला समाज कल्याण अधिकारी अभय कुमार सिंह और जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज की ओर से दी गई लिखित तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिवकांत मिश्रा को सौंपी गई है।
तहरीर के अनुसार, पीजी कॉलेज में अध्ययनरत छात्रों से छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के नाम पर बिना रसीद 70 से 100 रुपये तक लिए जा रहे थे। इसके अलावा गोरा बाजार स्थित एक निजी दुकान पर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और आवेदन अग्रसारित करने के नाम पर प्रति छात्र 20 रुपये वसूलने का मामला सामने आया था। जिला समाज कल्याण अधिकारी अभय कुमार सिंह व जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरजा शंकर सरोज ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं, पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र पांडेय ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
कार्रवाई पर पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि यह छात्रों की एकजुटता का परिणाम है। छात्रों का शोषण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्र आकाश चौधरी, निलेश बिन्द, अभिषेक चौरसिया, मोहित यादव, बिजेंद्र यादव, राज सिंह और पवन यादव ने भी जिला प्रशासन की कार्रवाई को छात्रों के हित में बताया।
