शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ग़ाज़ीपुर

Ghazipur News:हत्या की दो घटनाओं के बाद शहर कोतवाल को निलंबित किया गया – The City Police Station House Officer (sho) Was Suspended Following Two Incidents Of Murder

November 14, 2026


गाजीपुर। शहर के मिश्र बाजार में एक युवक की हत्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शुक्रवार को शहर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह को निलंबित कर दिया।

उनकी जगह पुलिस लाइन में तैनात दिनेश कुमार पाठक को शहर कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नौ नवंबर की रात कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहांव में जुआ खेलने के दौरान अजय राम की हत्या हो गई थी। इसके अगले दिन, 10 नवंबर की शाम शहर के व्यस्ततम मिश्र बाजार में मोहम्मद कौशेन की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

बाजार के बीच और कोतवाली से तीन सौ मीटर दूर सरेराह हुई इस वारदात ने पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि मिश्र बाजार में सरेराह हुई हत्या की घटना ने शहर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह की शिथिलता और लापरवाही उजागर की। त्योहार के सीजन में बाजारों में पुलिस की नियमित गश्त बेहद जरूरी थी।

अगर पुलिस बाजारों में लगातार गश्त करती रहती तो हालात कुछ और होते। कोतवाल ने अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती, जिसके चलते उन्हें निलंबित किया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X