कीड़े के डर से फूलगोभी खाना छोड़ने की जरूरत नहीं, साफ करने और पकाने के 6 सही तरीके यहां जानें
Last Updated:
Cauliflower Cleaning Tips: सर्दियों के मौसम में फूलगोभी खूब खाया जाता है. सब्जी से लेकर पराठे, पकौड़े और अचार तक फूलगोभी कई तरीके से भारतीय थाली में नजर आती है. लेकिन वहीं कुछ लोग पसंद होने के बावजूद फूलगोभी नहीं खाते हैं. कारण है इसमें छिपकर रहने वाले छोटे-छोटे सफेद कीड़े, जिन्हें निकालना आसान नहीं है. हालांकि कुछ स्मार्ट ट्रिक्स से आप फूलगोभी को खाने के लिए सेफ बना सकते हैं. चलिए इस लेख में जानते हैं कैसे-
फूलगोभी जितनी स्वादिष्ट होती है, इसे साफ करना उतना ही मुश्किल हो सकता है. इसकी छोटी-छोटी कलियों के बीच मिट्टी, गंदगी और कई बार छोटे कीड़े भी छिपे रहते हैं. ऐसे में सिर्फ ऊपर से पानी डालकर धोना काफी नहीं होता. गोभी को अच्छी तरह साफ करना जरूरी है, ताकि उसमें छिपी गंदगी और कीड़े निकल सकें.
इसके अलावा, इसे पकाने का तरीका भी काफी मायने रखता है. ज्यादा देर तक उबालने या काटकर लंबे समय तक खुला रखने से इसमें मौजूद कुछ पोषक तत्व कम हो जाते हैं. इसलिए गोभी को साफ करने से लेकर पकाने तक कुछ आसान बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है. आइए जानते हैं फूलगोभी को साफ और हेल्दी तरीके से तैयार करने के 6 तरीके.
सबसे पहले नमक वाले पानी में भिगोएं- फूलगोभी को साफ करने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में पानी लें और उसमें करीब 2 चम्मच नमक मिलाएं. अब गोभी को उल्टा करके इस पानी में 15-20 मिनट के लिए भिगो दें. ध्यान रखें कि उसकी कलियां पानी में डूबी रहें. माना जाता है कि नमक वाले पानी में भिगोने से गोभी के अंदर छिपे छोटे कीड़े और लार्वा बाहर निकलने में मदद मिलती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
पानी में मिलाएं सिरका या हल्दी- गोभी को बेहतर तरीके से साफ करने के लिए पानी में एक चम्मच सिरका मिला सकते हैं. सिरके का हल्का अम्लीय गुण सतह पर मौजूद कुछ बैक्टीरिया और गंदगी को हटाने में मदद कर सकता है. इसके अलावा, पानी में थोड़ी हल्दी भी डाल सकते हैं. हालांकि, सिरका या हल्दी किसी भी तरह की सफाई और बहते पानी से धोने का विकल्प नहीं हैं.
धोने से पहले छोटी कलियों में काटें- पूरी फूलगोभी को एक साथ धोने से उसकी हर कली के अंदर तक पानी नहीं पहुंच पाता. इसलिए पहले गोभी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इससे कलियों के बीच छिपी मिट्टी और गंदगी को निकालना आसान हो जाता है.
बहते पानी में अच्छी तरह धोएं- गोभी को नमक वाले पानी में भिगोने के बाद साफ बहते पानी के नीचे जरूर धोएं. इससे बची हुई मिट्टी, कीड़े और अन्य गंदगी निकल जाती है. सिर्फ एक बर्तन में पानी भरकर धोने से गंदगी दोबारा सब्जी पर चिपक सकती है.
पकाने से ठीक पहले ही काटें- फूलगोभी को कई घंटे पहले काटकर खुला छोड़ने से उसमें मौजूद विटामिन सी धीरे-धीरे कम हो सकता है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि काटने के बाद सब्जी की कोशिकाएं हवा के संपर्क में आती हैं. इसलिए गोभी को पकाने से ठीक पहले काटना बेहतर होता है.
गोभी को ज्यादा देर तक न पकाएं- फूलगोभी में विटामिन सी और बी समूह के विटामिन पाए जाते हैं. ज्यादा देर तक उबालने से पानी में घुलने वाले कुछ पोषक तत्व कम हो सकते हैं. इसलिए गोभी को लंबे समय तक उबालने की बजाय भाप में पकाएं या हल्का स्टर फ्राई करें. इससे इसके पोषक तत्व बेहतर तरीके से बने रहते हैं.
