शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बूंदी:चुनाव ड्यूटी के दौरान शिक्षक की मौत, परिजनों का आरोप- तबीयत बिगड़ने पर नहीं मिली समय पर चिकित्सा सुविधा – Polling Staff Dies During Election Duty In Bundi
बूंदी

बूंदी:चुनाव ड्यूटी के दौरान शिक्षक की मौत, परिजनों का आरोप- तबीयत बिगड़ने पर नहीं मिली समय पर चिकित्सा सुविधा – Polling Staff Dies During Election Duty In Bundi

November 14, 2026


राजस्थान के बूंदी जिले में पंचायतीराज चुनाव के दौरान ड्यूटी कर रहे एक शिक्षक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शारीरिक शिक्षक बबलू लाल गुर्जर के रूप में हुई है। उनकी ड्यूटी हिंडोली पंचायत क्षेत्र के खींया मतदान केंद्र पर लगाई गई थी। गंभीर हालत में उन्हें बूंदी जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

रात में बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, बबलू लाल गुर्जर खेड़ी गांव के स्कूल में शारीरिक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनकी चुनाव ड्यूटी हिंडोली पंचायत क्षेत्र के खींया मतदान केंद्र पर लगाई गई थी। परिजनों के मुताबिक, बबलू लाल चुनाव ड्यूटी को लेकर काफी उत्साहित थे और पूरी जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने पहुंचे थे।

ड्यूटी के दौरान रात में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें घबराहट होने लगी और उन्होंने अपनी परेशानी की जानकारी भी दी। इसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई और उन्हें उपचार के लिए बूंदी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप

मृतक के चचेरे भाई ने आरोप लगाया कि बबलू लाल ने तबीयत खराब होने और घबराहट की शिकायत मतदान केंद्र पर मौजूद अधिकारियों से की थी। उन्होंने इलाज के लिए ले जाने की बात भी कही थी, लेकिन उनकी शिकायत पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। परिजनों का आरोप है कि समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण उनकी जान चली गई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

मुआवजे और अनुकंपा नियुक्ति की मांग

घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने प्रशासन से परिवार को आर्थिक सहायता देने, मृतक के छोटे भाई को अनुकंपा नियुक्ति देने और मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। परिजनों का कहना है कि परिवार ने अपना एक सदस्य खो दिया है। ऐसे में सरकार को पीड़ित परिवार की जिम्मेदारी उठानी चाहिए।

पढ़ें: दो मासूम बच्चों के साथ मां ने कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत; कोहराम

प्रशासन ने लिया संज्ञान

बूंदी उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा ने बताया कि चुनाव ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की तबीयत खराब हुई थी। बबलू लाल गुर्जर को उपचार के लिए बूंदी अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। परिजनों से रिपोर्ट ले ली गई है। उन्होंने बताया कि चुनाव ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की मृत्यु होने पर नियमानुसार मुआवजे और अनुकंपा नियुक्ति का प्रावधान है।

अस्पताल में बचाने का किया प्रयास

बूंदी जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. गोविंद गुप्ता ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से कर्मचारी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। इसके बाद अस्पताल में चिकित्सकीय टीम को पहले से तैनात कर दिया गया था। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने सीपीआर सहित अन्य जरूरी चिकित्सा प्रयास किए, लेकिन कर्मचारी को बचाया नहीं जा सका।

मेडिकल बोर्ड से होगा पोस्टमार्टम

पीएमओ ने बताया कि मृतक का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। इस दौरान अस्पताल में जिला निर्वाचन अधिकारी हरफूल सिंह यादव, एचडी सिंह, पीएमओ डॉ. गोविंद गुप्ता सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। चुनाव ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना से प्रशासनिक और कर्मचारी वर्ग में शोक का माहौल है। वहीं, परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X