शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:भाजपा नेत्री के घर चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, पुलिस की रेड में पति गिरफ्तार; 32 तरह के उपकरण बरामद – Bihar-sheikhpura-illegal-arms-factory-bjp-leader-husband-arrested
मुंगेर

बिहार:भाजपा नेत्री के घर चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, पुलिस की रेड में पति गिरफ्तार; 32 तरह के उपकरण बरामद – Bihar-sheikhpura-illegal-arms-factory-bjp-leader-husband-arrested

November 14, 2026


शेखपुरा जिले में पुलिस ने भाजपा नेत्री के घर छापेमारी कर अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले 32 तरह के उपकरण और एक अर्धनिर्मित देसी पिस्तौल बरामद की है। इस मामले में भाजपा नेत्री के पति जितेंद्र विश्वकर्मा (50) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मौके पर हथियार बनाने का काम कर रहा था।

शुक्रवार देर शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के टाउन थाना क्षेत्र स्थित बुधौली बाजार मोहल्ले में हार्डवेयर दुकान की आड़ में लंबे समय से अवैध मिनी गन फैक्ट्री चलाई जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी ने पुलिस टीम गठित कर छापेमारी के निर्देश दिए। टीम ने आरोपी के घर पर छापा मारा तो वहां बड़े पैमाने पर हथियार बनाने के उपकरण मिले।

एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान अर्धनिर्मित देसी पिस्तौल और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले 32 तरह के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से जितेंद्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में मुंगेर कनेक्शन भी सामने आया है। एएसपी के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसका ससुराल मुंगेर में है और वहां उसके परिवार के अन्य लोग भी कथित तौर पर इस अवैध कारोबार में शामिल हैं। आरोपी ने वहीं से हथियार बनाने का काम सीखा था और पिछले तीन महीने से इस धंधे को चला रहा था। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।

छापेमारी में क्या-क्या मिला?

पुलिस ने मौके से अर्धनिर्मित पिस्तौल की बॉडी, स्लाइडर, बैरल, तीन मैगजीन और ग्राइंडर मशीन समेत 32 तरह के उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री से तीन बोरे में अर्धनिर्मित हथियारों से जुड़ी सामग्री भी बरामद हुई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यहां तैयार किए गए हथियार किन-किन लोगों को बेचे गए हैं और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन शामिल है।

पत्नी के भाजपा में पदाधिकारी होने का दावा

सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार जितेंद्र विश्वकर्मा की पत्नी वंदना विश्वकर्मा कथित तौर पर भाजपा में उपाध्यक्ष के पद पर हैं। गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर उनकी कई बड़े नेताओं के साथ कार्यक्रमों की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। चर्चा है कि आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए अपनी पत्नी को भाजपा से जुड़वाया था, ताकि उसे सत्ता का संरक्षण मिल सके। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पड़ोसियों को भी घर में चल रही इस गतिविधि की भनक नहीं थी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X