शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रुद्रप्रयाग

Rudraprayag News:चार साल बाद भी अधर में गुप्तकाशी उप जिला चिकित्सालय की घोषणा – Announcement Of Guptkashi Sub-district Hospital Remains In Limbo Even After Four Years

November 14, 2026


2022 में हुई थी घोषणा, भूमि चिह्नित होने के बावजूद निर्माण नहीं हुआ शुरू

गुप्तकाशी। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित गुप्तकाशी केदारघाटी का प्रमुख व्यापारिक, सामाजिक व सांस्कृतिक केंद्र है। केदारनाथ धाम में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु इस मार्ग से होकर बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए गुप्तकाशी पर निर्भर हैं। फिर भी स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से क्षेत्र अपेक्षित सुविधाओं से वंचित है।

यहां उच्च सुविधाओं वाले चिकित्सालय की स्थापना के लिए वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री की ओर से गुप्तकाशी में उप जिला चिकित्सालय खोलने की घोषणा की गई थी। सामाजिक कार्यकर्ता ओमप्रकाश गोस्वामी बताते हैं कि नगर पंचायत के अन्तर्गत गढ़तरा में भूमि चिह्नित हुई थी। स्थानीय स्तर पर इस दिशा में प्रयास और औपचारिकताएं पूरी की गई थी। पर अब ग्राम पंचायत ल्वारा में उप जिला चिकित्सालय बनना है जिस पर कार्य लंबित है। केदार काशी संघर्ष समिति अध्यक्ष मदन सिंह रावत बताते हैं कि गुप्तकाशी में स्वास्थ्य विभाग के पास चौदह नाली से अधिक भूमि उपलब्ध है यहीं पर उच्च सुविधाओं से युक्त चिकित्सालय बनाया जा सकता है इस विषय में मुख्यमंत्री को समिति ने पत्र दिया है ।

कांग्रेस मनरेगा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक बगवाड़ी ने बताया कि गुप्तकाशी जैसे महत्वपूर्ण केंद्र में उप जिला चिकित्सालय की स्थापना क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकता है। वर्ष 2022 में इसकी घोषणा होने और भूमि चिह्नित किए जाने के बावजूद अब तक निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

सीएमओ डाॅ. पारूल गोयल ने बताया कि ग्राम पंचायत ल्वारा में उप जिला चिकित्सालय बनना है। इसके लिए भूमि का चयन कर अन्य कार्रवाई पूरी कर हो गयी है। उन्होंने बताया कि वित्तीय स्वीकृत मिलते ही उप जिला चिकित्सालय का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

गुप्तकाशी स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. सौरभ ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान में यहां तीन चिकित्सक तीन फार्मेसी अधिकारी सहित बारह स्वास्थ्य कर्मी अपनी सेवाएं दे रहे हैं यहां पर प्रतिदिन करीब 60 रोगी पहुंचते हैं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की दृष्टि से यहां स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X