शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
भदोही

Bhadohi News:17 से शुरू होंगी अर्धवार्षिक परीक्षाएं, पांच दिन चलेगा इम्तिहान – Half-yearly Exams Will Start From The 17th, The Exams Will Run For Five Days

November 14, 2026


ज्ञानपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब एक लाख 33 हजार विद्यार्थियों की शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्धवार्षिक परीक्षा 17 नवंबर से शुरू होगी। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से 21 नवंबर तक चलने वाली इस परीक्षा में जारी कार्यक्रम में विषयवार परीक्षा की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। पहले दिन 17 नवंबर को कक्षा दो और तीन में गणित, कक्षा चार से छह तक हिंदी और कक्षा सात और आठ में विज्ञान की परीक्षा होगी।

जिले में कुल 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। जिसमें पहली से आठवीं तक के एक लाख 33 हजार छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थी शामिल होंगे। विद्यालय स्तर पर परीक्षा कराने और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाध्यापक की होगी। वहीं, विकासखंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी और जिला स्तर पर बीएसए परीक्षा की निगरानी करेंगे। परीक्षा में कक्षावार मूल्यांकन का तरीका भी अलग-अलग निर्धारित किया गया है। कक्षा एक के विद्यार्थियों की परीक्षा केवल मौखिक होगी। कक्षा दो और तीन में लिखित तथा मौखिक परीक्षा का अधिभार 50-50 प्रतिशत रहेगा। कक्षा चार और पांच में लिखित परीक्षा के 70 और मौखिक परीक्षा के 30 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। जबकि कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षा पूरी तरह लिखित होगी। सभी कक्षाओं की परीक्षाएं 50 अंकों की होंगी। प्रश्नपत्रों में बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न पूछे जाएंगे। बीएसए शिवम पांडेय ने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन और परिणाम तैयार करने का काम भी निर्धारित समय में पूरा कराया जाएगा। इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X