22/10 को 70% वेबसाइट पर संकट और 13/11 को माइक्रोसॉफ्ट क्रैश, क्या बैठने वाला है दुनिया का इंटरनेट?
माइक्रोसॉफ्ट के लिए शुक्रवार की 13 तारीख वाकई बहुत दुर्भाग्यपूर्ण साबित हुई. इस टेक्नोलॉजी दिग्गज की सेवाओं में आई एक बड़ी गड़बड़ी के कारण दुनिया भर में लाखों लोगों का डिजिटल संचार ठप हो गया. संभावित साइबर हमले के लिए तैयार रहने की ब्रिटिश सरकार की वॉर्निंग के बाद, शायद ऑनलाइन दुनिया के लिए इससे भी बड़ा खतरा इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर की कमजोर बनावट ही है.
तेरह नवंबर को यह कमजोरी साफ तौर पर देखी गई. जब माइक्रोसॉफ्ट ‘कनेक्टिविटी की समस्याओं’ को ठीक करने में जुटा था, तब ईमेल और वीडियो कॉल काम नहीं कर रही थी. इस तकनीकी खामी के कारण अस्पतालों और स्कूलों सहित सार्वजनिक सेवाओं में भारी बाधा उत्पन्न हुई. हालांकि सर्विस ठप होने की वजह स्पष्ट नहीं है, लेकिन जो भी कारण रहा हो, यह बाजार के कुछ ही हाथों में केंद्रित होने के जोखिमों को भी उजागर करता है, जहां कुछ शक्तिशाली कंपनियों के पास ही उन अधिकांश डिजिटल सेवाओं को उपलब्ध कराने और बनाए रखने की जिम्मेदारी आ गई है, जिन पर हम निर्भर हैं.
माइक्रोसॉफ्ट ने पहले भी इस दबदबे को एक कारपोरेट ताकत के रूप में पेश किया है. कंपनी ने एक बार दावा किया था कि अरबों ग्राहकों को सेवा देने से उनके ग्लोबल डिजिटल इकोसिस्टम को एक ‘स्पेशल स्थिति’ मिलती है. लेकिन, बाजार पर इस तरह का प्रभुत्व भले ही कारोबार के लिए अच्छा हो, पर यह जरूरी नहीं कि बुनियादी ढांचे की मजबूती के लिए भी बेहतर हो.
इंटरनेट पर कुछ चुनिंदा शक्तिशाली कंपनियों का दबदबा बढ़ता जा रहा है. क्लाउड कंप्यूटिंग के विस्तार ने सेंट्रलाइजेशन की प्रवृत्ति को और प्रबल बना दिया है, जिससे कंप्यूटिंग संसाधनों की उपलब्धता कुछ बड़ी कंपनियों के हाथों में सिमट गई है. शुक्रवार यानी 13 नवंबर को जो देखने को मिला,वह संकेत करता है कि इससे भी बड़े पैमाने पर अव्यवस्था पैदा हो सकती है.
यह कोई इकलौती घटना नहीं है. जुलाई 2024 में भी कुछ ऐसा ही हुआ था, जिससे इसी तरह के जोखिम सामने आए. उस समय एक खराब सुरक्षा ‘अपडेट’ के कारण माइक्रोसॉफ्ट विंडोज का इस्तेमाल करने वाले लाखों कंप्यूटर में खराबी आई थी. दुनिया भर में आईटी सिस्टम अचानक ठप हो गई, जिसकी वजह से फार्मेसी, हवाई अड्डों और बैंकों का कामकाज प्रभावित हुआ.
पिछले ही महीने, 22 अक्टूबर को, ‘एआई टेस्टिंग’ से एक ऐसे प्रोग्राम की सुरक्षा खामियों की जानकारी मिली, जिस पर दुनिया की लगभग 70 प्रतिशत वेबसाइट आधारित हैं. संभावित साइबर हमलों और डेटा चोरी को रोकने के लिए सरकारों और कंपनियों ने हजारों वेबसाइट और ऑनलाइन सेवाओं को बंद कर दिया. उससे एक महीने पहले, ‘ओपन एआई’ की तरफ से विकसित ऑटोनॉमस एआई एजेंट ने सरकारी बुनियादी ढांचे को हैक कर लिया था.
इसलिए, इंटरनेट के मौजूदा डिजाइन और एक-दूसरे पर निर्भरता वाले इसके बेहद जटिल इकोसिस्टम में स्पष्ट रूप से कमजोरियां हैं. यह सिस्टम केवल चिप और तारों से नहीं बनी होती. उन लोगों को भूल जाना आसान है, जो हमें वे डिजिटल सेवाएं देते हैं जिन्हें हम अक्सर बहुत सामान्य मान लेते हैं.
इंटरनेट व्यापक भौतिक बुनियादी ढांचे पर निर्भर करता है, और इस बुनियादी ढांचे का ऑपरेशन अपने आप नहीं होता है. यह एक बड़े मानव वर्कफोर्स पर निर्भर है, जो बहुत व्यस्त कार्यक्रम, सख्त समय-सीमा और बिना किसी रुकावट के सेवाएं बनाए रखने के दबाव के बीच काम करता है. डेटा सेंटर इंडस्ट्री में जमीन पर काम करने वाले एक मानवविज्ञानी के तौर पर, मैंने उन लोगों के साथ काफी समय बिताया है जो डिजिटल दुनिया के पर्दे के पीछे काम करते हैं.
जिन संगठनों में कर्मचारियों की कमी होती है या जो अपने कर्मचारियों पर बहुत अधिक दबाव डालते हैं, वहां व्यापक परीक्षण, निगरानी और सुधार कार्य करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है. माइक्रोसॉफ्ट सिस्टम में आए व्यवधान के बाद सेवाओं को बहाल करने का भारी बोझ प्रभावित संगठनों के आईटी पेशेवरों पर पड़ेगा. इनमें से कई लोगों को प्रभावित सिस्टम को वापस बहाल करने के लिए काफी लंबे समय तक काम करना पड़ सकता है.
बड़े बुनियादी ढांचे की विफलताएं इन कर्मचारियों पर जो शारीरिक और मानसिक बोझ डाल सकती हैं, वह डिजिटल समस्या से होने वाले बड़े नुकसान का एक महत्वपूर्ण पहलू है. यह सभी अंडे एक ही डिजिटल टोकरी में रखने के समान है. इसमें सामाजिक लागत का पहलू भी है. समाजशास्त्रियों की इसके जोखिम को लेकर लंबे समय से दलील रही है कि तकनीकी रूप से उन्नत समाजों की कमजोरियां, कुछ हद तक, जटिल और आपस में जुड़ी हुई बुनियादी संरचनाओं पर उनकी बढ़ती निर्भरता से पैदा होती हैं.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login
