रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
छठ महापर्व का तीसरा दिन:जानिए सांध्य अर्घ्य देने का समय, पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और मंत्र – Chhath Puja 2026 Third Day Puja Vidhi Rituals Timing And Sandhyan Arghya Time Importance
अध्यात्म

छठ महापर्व का तीसरा दिन:जानिए सांध्य अर्घ्य देने का समय, पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और मंत्र – Chhath Puja 2026 Third Day Puja Vidhi Rituals Timing And Sandhyan Arghya Time Importance

November 15, 2026


 लोक आस्था के महापर्व छठ पर सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-आराधना और अर्घ्य देने की विशेष परंपरा है। चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व में दो बार अर्घ्य देने का विधान होता है। पहला अर्घ्य छठ पर्व के तीसरे दिन डूबते हुए सूर्य को दिया जाता है जिसे सांध्या अर्घ्य कहते हैं, वहीं चौथे दिन दूसरा अर्घ्य उगते हुए सूर्य को दिया जाता है। जिसे उषा अर्घ्य के नाम से जाना जाता है। आइए जानते हैं 15 नवंबर को सांध्य अर्घ्य और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य का महत्व और समय। 

सांध्य अर्घ्य का समय- 15 नवंबर 2026

छठ महापर्व के तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। इसे संध्या अर्घ्य कहा जाता है। इस दिन व्रती पूरे परिवार के साथ नदी, तालाब या जलाशय के किनारे पहुंचते हैं। वहां पानी में खड़े होकर बांस के सूप और दउरा में रखे ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री से सूर्यदेव की आराधना करते हैं। इसके बाद सूर्यास्त के समय उन्हें जल और दूध से अर्घ्य अर्पित किया जाता है।

द्रिक पंचांग के अनुसार, छठ महापर्व 2026 में संध्या अर्घ्य 15 नवंबर (रविवार) और उषा अर्घ्य 16 नवंबर (सोमवार) को दिया जाएगा। 

छठ पूजा 2026: शहरों के अनुसार संध्या और उषा अर्घ्य का समय













शहर   संध्या अर्घ्य- 15 नवंबर   उषा अर्घ्य- 16 नवंबर
पटना शाम 5:01 बजे सुबह 6:07 बजे
गया शाम 5:03 बजे    सुबह 6:06 बजे
रांची  शाम 5:04 बजे   सुबह 6:03 बजे
लखनऊ  शाम 5:16 बजे   सुबह 6:26 बजे
वाराणसी  शाम 5:10 बजे   सुबह 6:16 बजे
प्रयागराज   शाम 5:14 बजे   सुबह 6:20 बजे
गोरखपुर  शाम 5:06 बजे   सुबह 6:17 बजे
नई दिल्ली   शाम 5:28 बजे    सुबह 6:44 बजे
कोलकाता   शाम 4:53 बजे   सुबह 5:50 बजे

छठ पर्व तीसरा दिन- सांध्य अर्घ्य और पूजा विधि

छठ महापर्व का तीसरा दिन सबसे खास और महत्वपूर्ण होता है। इस दिन छठी मैया की पूजा और सूर्यदेव की आराधना का विशेष महत्व होता है। ऐसी मान्यता है छठ पर्व के तीसरे दिन यानी कार्तिक शुक्ल षष्ठी तिथि की शाम को सूर्यदेव अपनी पत्नी प्रत्यूषा संग रहते हैं। इस कारण से इस समय की गई आराधना से जीवन में सुख-शांति, वैभव, संपन्नता और संतान सुख की प्राप्ति होती है। 

सांध्य अर्घ्य पूजन सामग्री 

छठ पर्व के तीसरे दिन शाम के समय बांस की टोकरी या फिर सूप में ठेकुआ, चावल के लडू, गन्ना और मौसमी फल के साथ एक पीला कपड़ा जिसे टोकरी ढकी जा सके उसको साथ में घाट के पास रखें। 

सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा

छठ पर्व के तीसरे दिन नदी या घाट के पास पहुंचकर सबसे पहले दीपक जलाएं और इसी के पास इसे रख लें। इसके बाद सूर्यास्त होने पर दोनों हाथों में सूप लेकर जल में कमर तक पानी में खड़े हो जाएं। फिर तांबे के लोटे में जल और दूध लेकर डूबते हुए सूर्यदेव को तीन बार अर्घ्य अर्पित करें और उनको प्रणाम करें। इसके बाद प्रसाद से भरी टोकरी और सूप से छठी मैया की विधि-विधान के साथ पूजा करें। 

अर्घ्य मंत्र

“ॐ एहि सूर्य सहस्त्रांशों तेजोराशे जगत्पते।

अनुकम्पया मां भक्त्या गृहाणार्घ्य दिवाकर:॥”

रात्रि जागरण के साथ छठी माता के लोकगीत व्रत कथा सुनें।

मंत्र जाप के चमत्कारी लाभ: वर्ष की वे 4 दिव्य रात्रियां, जब बिना किसी कठिन तप के सिद्ध हो जाते हैं मंत्र

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X