पूर्व Cm हुड्डा का भाजपा पर तंज:बोले-गन्ने के रेट में मात्र 15 रुपये की बढ़ोत्तरी, किसानों के साथ भद्दा मजाक – Former Cm Hooda Takes A Dig At Bjp, Calling The Mere Rs 15 Hike In Sugarcane Prices Cruel Joke On Farmers
कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को पूरे हरियाणा में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। क्योंकि जिस तरह बीजेपी की वोट चोरी पकड़ी गई है, उसके चलते जनता बहुत जागरूक हो चुकी है। 2029 के चुनाव में जनता भाजपा व चुनाव आयोग को वोट चोरी नहीं करने देगी। रोहतक में विभिन्न सामाजिक प्रोग्रामो में शामिल होने के बाद यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। रोहतक में हुड्डा पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार द्वारा गन्ने के रेट में मात्र 15 रुपये की बढ़ोत्तरी करना, किसानों के साथ भद्दा मजाक है। गन्ने की कीमत में सरकार ने मात्र 3 प्रतिशत वृद्धि की है। जबकि महंगाई आसमान छू रही है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस सरकार के साढ़े 9 साल (2005 से 2014) में गन्ने के रेट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई। उस समय गन्ने का रेट 117 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 310 रूपए प्रति क्विंटल कर दिया गया था। यानी कुल रुपये 193 की बढ़ोतरी हुई यानी 165 प्रतिशत। इस दौरान औसतन हर साल करीब 18.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
वहीं, भाजपा सरकार के 12 साल में गन्ने के रेट में सिर्फ रुपये 120 की बढ़ोतरी हुई। इसे रुपये 310 से बढ़ाकर रुपये 430 प्रति क्विंटल किया गया, जो कुल मात्र 39 प्रतिशत की वृद्धि है। इस अवधि में औसतन हर साल सिर्फ करीब 3.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। यानी कांग्रेस ने बीजेपी के मुकाबले 6 गुणा ज्यादा बढ़ोत्तरी की।
अन्य फसलों की भी बात की जाए तो कांग्रेस कार्यकाल में फसलों के रेट में हर साल औसतन 14-15 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होती थी। जबकि बीजेपी के कार्यकाल में यह घटकर मात्र 5 प्रतिशत रह गई है। यानी कांग्रेस एमएसपी में बीजेपी के मुकाबले 3 गुना ज्यादा बढ़ोत्तरी करती थी। यानी किसानों को उचित कीमत देने व उसकी बढ़ोत्तरी के मामले में बीजेपी कांग्रेस के मुकाबले कहीं नहीं ठहरती।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बीजेपी सरकार के दौरान हर साल महंगाई बेतहाशा गति से बढ़ती जा रही है। आज पेट्रोल, डीजल, गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। खेती के उपकरणों से लेकर खाद, बीज, दवाई और मजदूर तक इतनी महंगी हो गई है कि किसान खेती छोड़ने को मजबूर हैं।
