दो साल बाद भी नेकां के वादे अधूरे, रोजगार न मिलने से युवा निराश :भाजपा – Srinagar, Bjp, Party Head Quarter, Held Meeting, Allegation At Nc
श्रीनगर। भाजपा ने शनिवार को श्रीनगर के जवाहर नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में बैठक की। इसे पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मंजूर भट और दानिश भट ने संबोधित किया। मंजूर भट ने सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में दो साल पूरे होने के बावजूद जनता से किए गए सभी वादे आज भी अधूरे हैं। रोजगार का वादा पूरा न होने से युवा निराश हैं।
उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े किए और सरकार से तत्काल अपने चुनावी वादों को पूरा करने की मांग की। मंजूर भट ने जम्मू-कश्मीर में बेरोजगारी की भयावह स्थिति पर चिंता व्यक्त की। हाल ही में जारी एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में बेरोजगारी की दर राष्ट्रीय औसत के मुकाबले काफी अधिक है, जो प्रदेश के युवाओं के भविष्य के लिए बेहद चिंताजनक है। मंजूर भट ने नेकां सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चुनाव के समय युवाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए और रोजगार सृजन के तमाम दावे किए गए थे, लेकिन धरातल पर कोई ठोस काम नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के कारण प्रदेश का युवा वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
मंजूर भट ने दो टूक कहा कि दो साल का समय बीत जाने के बाद भी सरकार की उपलब्धियां शून्य हैं और जनता से किया गया एक भी प्रमुख वादा पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने मांग की कि नेकां सरकार बयानबाजी छोड़कर अपनी जवाबदेही तय करे और प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने तथा जनहित से जुड़े सभी अधूरे वादों को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाए।
