रेलवे भर्ती:आरआरबी एनटीपीसी के 1,688 पदों पर आवेदन का आज आखिरी मौका, रात 11:59 बजे तक भर सकेंगे फॉर्म – Rrb Ntpc Undergraduate Recruitment 2026 1688 Vacancies Last Date Apply Online
रेलवे में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की एनटीपीसी अंडर ग्रेजुएट भर्ती-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का आज यानी 15 नवंबर आखिरी मौका है। इच्छुक अभ्यर्थी रविवार रात 11:59 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती अभियान के तहत देशभर में कुल 1,688 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 13 नवंबर निर्धारित की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 15 नवंबर कर दिया गया था। इससे पहले आवेदन नहीं कर पाने वाले उम्मीदवारों को फॉर्म भरने के लिए अतिरिक्त समय मिला है।
12वीं पास युवाओं के लिए 1,688 पदों पर भर्ती
आरआरबी की इस भर्ती के तहत कुल 1,688 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के 700, जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 600, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट के 200 और ट्रेन क्लर्क के 188 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवारों को हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग का ज्ञान होना चाहिए।
18 से 33 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
भर्ती के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार पे लेवल-2 और लेवल-3 के तहत वेतन दिया जाएगा।
पांच चरणों में होगा उम्मीदवारों का चयन
एनटीपीसी अंडर ग्रेजुएट भर्ती में अभ्यर्थियों का चयन पांच चरणों में किया जाएगा। इसमें सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी-1) और सीबीटी-2 आयोजित होगी। इसके बाद पद के अनुसार कौशल परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट होगा। बोर्ड ने फिलहाल परीक्षा का विस्तृत पैटर्न जारी नहीं किया है।
सामान्य वर्ग को 500 और आरक्षित वर्ग को 250 रुपये फीस
आवेदन शुल्क वर्ग के अनुसार निर्धारित किया गया है। सामान्य (यूआर), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के अभ्यर्थियों को 500 रुपये शुल्क देना होगा।
वहीं अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), पूर्व सैनिक, दिव्यांगजन (पीडब्ल्यूडी), महिला, ट्रांसजेंडर और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग (ईबीसी) के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है।
आवेदन के लिए इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
फॉर्म भरने से पहले अभ्यर्थियों को कुछ जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे। इनमें आधार कार्ड, हस्ताक्षर, वोटर आईडी, पासपोर्ट साइज फोटो, पंजीकृत मोबाइल नंबर, निवास प्रमाण पत्र, 10वीं की मार्कशीट या प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) शामिल हैं।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाएं। होमपेज पर नए पंजीकरण (न्यू रजिस्ट्रेशन) के विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद ‘अप्लाई ऑनलाइन’ पर जाकर मांगी गई सभी जानकारियां सही-सही भरें। आवेदन फॉर्म पूरा करने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें। अंत में फॉर्म सबमिट कर दें। आवेदन पूरा होने के बाद उसका प्रिंटआउट निकालकर अपने पास सुरक्षित रख लें।
