नियोग प्रथा की वजह से दृष्टिहीन पैदा हुए थे धृतराष्ट्र… जानिए पांडु और विदुर के जन्म की कहानी
नियोग प्रथा की वजह से दृष्टिहीन पैदा हुए थे धृतराष्ट्र… जानिए जन्म की कहानी
Last Updated:
महाभारत काल में कुरुवंश का वंश आगे बढ़ाने के लिए नियोग प्रथा अपनाई गई थी. इसी प्रथा के तहत महर्षि वेदव्यास धृतराष्ट्र, पांडु और विदुर के जैविक पिता बने थे. हालांकि नियोग प्रथा का नियम है, इसमें जैविक पिता का नाम नहीं मिलता, इसीलिए तीनों विचित्रवीर्य की संतान मानी गईं.
महाभारत में सबसे चर्चित रहने वाली नियोग प्रथा की वजह से ही धृतराष्ट्र दृष्टिहीन पैदा हुए थे. महाभारत में पांडु और विदुर का जन्म भी इसी प्रथा से हुआ था. जिसका मकसद कुरुवंश को उत्तराधिकारी देना था. दरअसल नियोग प्रथा एक ऐसी प्रक्रिया थी, जिसमें अगर किसी राजा की मौत संतान के बिना हो जाती थी तो वंश आगे बढ़ाने के लिए उसकी पत्नी को दूसरे पुरुष से संतान पैदा करने की अनुमति दे दी जाती थी. हालांकि नियोग प्रक्रिया के तहत पैदा होने वाले बच्चे का पिता वही कहलाता था जो महिला का पति है, क्योंकि यह सिर्फ राज्य को उत्तराधिकारी देने की व्यवस्था थी. (फोटो-AI generated)
महाभारत के आदिपर्व – संभव पर्व हिस्से में इसे विस्तार से बताया गया है. दरअसल हस्तिनापुर के राजा शांतनु और सत्यवती के दो बेटे थे. चित्रांगद और विचित्रवीर्य. चित्रांगद की मौत के बाद विचित्रवीर्य हस्तिनापुर के राजा बने. उनका विवाह काशी की राजकुमारी अंबिका और अंबालिका से हुआ. हालांकि संतान प्राप्ति से पहले ही विचित्रवीर्य का निधन हो गया. कुरुवंश के सामने उत्तराधिकारी का संकट था. ऐसे में सत्यवती ने अपने सौतेले बेटे भीष्म से कहा कि वे अंबिका और अंबालिका से संतान पैदा करें ताकि कुरुवंश आगे बढ़े, मगर भीष्म ने आजीवन ब्रह्मचर्य की प्रतिज्ञा ली थी इसलिए प्रस्तव को स्वीकार नहीं किया. (फोटो-AI generated)
भीष्म से इनकार के बाद सत्यवती को अपने पहले बेटे की याद आई, दरअसल विवाह से पहले ऋषि पराशर के साथ उनके संबंध से एक पुत्र पैदा हुआ था, जिसका नाम कृष्ण द्वैपायन था. जो आगे चलकर महर्षि वेदव्यास के नाम से जाने गए. सत्यवती ने वेदव्यास केा बुलाया और कुरुवंश को उत्तराधिकारी देने का आग्रह किया. नियोग प्रथा के जरिए अंबिका और अंबालिका से संतान पैदा करने की व्यवस्था की गई. (फोटो-AI generated)
Add News18 as
Preferred Source on Google
सबसे पहले अंबिका को वेद व्यास के पास भेजा गया. वेद व्यास का रूप और तेज देखकर अंबिका ने अपनी आंखें बंद कर ली. बाद में उनसे धृतराष्ट्र का जन्म हुआ जो जन्म से दृष्टिहीन थे. इसके बाद अंबालिका को वेद व्यास के पास भेजा गया. उन्हें देखकर अंबालिका का चेहरा भय से पीला पड़ गया और पांडु का जन्म हुआ. जब सत्यवती ने तीसरी बार व्यास को अंबिका के पास जाने के लिए कहा तो अंबिका ने खुद जाने की बजाय अपनी दासी को भेज दिया. इससे विदुर का जन्म हुआ. (फोटो-AI generated)
जैविक रूप से भले ही धृतराष्ट्र, पांडु और विदुर के पिता महर्षि वेदव्यास थे. मगर नियोग प्रथा का नियम के तहत जैविक पिता को नहीं बल्कि महिला के असली पति को ही संतान का पिता माना जाता है. इसीलिए तीनों का पिता विचित्रवीर्य को माना गया. इसी व्यवस्था के कारण धृतराष्ट्र और पांडु आगे चलकर हस्तिनापुर की राजगद्दी के दावेदार बने, जबकि विदुर दासी का पुत्र होने के चलते दावेदार नहीं बन सके. (फोटो-AI generated)
महाभारत से समझें तो असल में नियोग प्रथा सिर्फ संतान पैदा करने की व्यवस्था नहीं थी. इसके पीछे तीन महत्वपूर्ण बातें थीं. इसके तहत वंश परंपरा को आगे बढ़ाने तथा राजगद्दी का उत्तराधिकारी पाने के लिए इस तरह की व्यवस्था बनाई गई थी, ताकि संतान के जरिए परिवार की सामाजिक और राजनीतिक निरंतरता बनी रहे. दिलचस्प बात ये है कि जिस व्यवस्था से कुरुवंश को तीन उत्तराधिकारी मिले, उन्हीं के परिवारों के बीच आगे चलकर महाभारत का युद्ध लड़ा गया (फोटो-AI generated)
