रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बागपत

Baghpat News:एक्सप्रेसवे पर खड़े कैंटर में पीछे से घुसी पिकअप, दो की मौत – Crime News

November 15, 2026


दोघट। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शनिवार की सुबह करीब चार बजे कोहरे में दृश्यता कम होने पर गांगनौली कट के पास खड़े कैंटर में पीछे से पिकअप घुस गई। इससे कैंटर का टायर बदल रहे चालक दिनेश राघव (50) निवासी बदरपुर दिल्ली और पिकअप मालिक यादराम सिंह (65) निवासी गणेशनगर जिला जयपुर राजस्थान की मौत हो गई। पिकअप चला रहे विकास मामूली रूप से घायल हो गए। कैंटर में पीछे फंसी पिकअप को क्रेन से खींचकर मालिक यादराम सिंह का शव बाहर निकाला गया।

राजस्थान के जयपुर के गणेशनगर निवासी विकास ने बताया कि वह अपने पिता यादराम सिंह के साथ बोलेरो पिकअप गाड़ी चलाता है। शुक्रवार रात को वे पिकअप में दो ट्रांसफार्मर लेकर जयपुर से हरिद्वार जा रहे थे। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गांगनौली कट के पास एक्सप्रेसवे के बीच में कैंटर को खड़ा करके चालक टायर बदल रहा था। सुबह के समय कोहरा अधिक होने के कारण दृश्यता काफी कम हो गई थी और उन्हें कैंटर दिखाई नहीं दिया। इससे उनकी पिकअप कैंटर में पीछे से घुस गई। पिकअप की चपेट में आने से कैंटर चालक दिनेश राघव की मौत हो गई।

वहीं उनके पिता यादराम कैंटर के पीछे टकराने पर पिकअप में फंसे रह गए और उनकी भी मौत हो गई। सूचना मिलने पर आए पुलिसकर्मियों ने पिकअप को पीछे खींचकर निकालने का प्रयास किया। जब वह नहीं निकल सकी तो क्रेन से पिकअप पीछे खींचकर शव बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मी दोनों के शवों को लेकर बड़ौत सीएचसी पहुंचे। सूचना मिलने पर कैंटर चालक दिनेश राघव के भाई रमेश समेत अन्य परिवार वाले पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर एक्सप्रेसवे से नीचे खड़ा कराया। इस मामले में पिकअप चालक की तरफ से तहरीर दी गई है।

दिनेश के परिजनों ने मारपीट करने का शक जताया

दिनेश राघव की मौत होने पर उनके भाई रमेश राघव और पत्नी समेत अन्य लोगों ने हादसा होने के बाद मारपीट किए जाने का शक जताया। रमेश का आरोप है कि कैंटर से भिड़ंत होने पर पिकअप चालक विकास के पिता की मौत हो गई। आरोप लगाया कि इससे गुस्साए विकास ने दिनेश की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि तहरीर दिए बिना ही पोस्टमार्टम हाउस चले गए। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तहरीर देकर कार्रवाई कराएंगे।

दिनेश के परिवार में पत्नी, दो बेटे व एक बेटी

रमेश राघव ने बताया कि दिनेश के परिवार में पत्नी, बेटा आकाश, लक्की और एक बेटी है। दोनों बेटे नोएडा की कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि दिनेश अपनी पत्नी के साथ अलग रहते थे। पति की मौत के बाद पत्नी बेसुध हो गई। परिवार वालों के साथ दोघट थाने भी पहुंची। उनके भाई रमेश मोदीनगर में किराना की दुकान करते हैं।

कोहरे में दृश्यता कम होने पर धीमी रखें गति

एक्सप्रेसवे पर हादसा होने के बाद एनएचएआई के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह का कहना है कि सर्दी का सीजन शुरू हो गया है। अब कोहरा भी होने लगा है। कोहरे में वाहन चालकों को सावधानी बरतनी चाहिए। एक्सप्रेसवे पर बीच में कहीं भी वाहन खड़ा न करें। इसके अलावा कोहरे में दृश्यता कम होने पर वाहनों की गति कम रखें। वाहनों पर रिफ्लेक्टर जरूर लगाएं।

वर्जन-

एक्सप्रेसवे पर हादसा होने पर दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पिकअप चालक की तहरीर मिल गई है। पूरे मामले में जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

-अंशु जैन, सीओ

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X