रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हापुड़

Hapur News:पूर्णागिरी जनशताब्दी ट्रेन का सुपरफास्ट दर्जा होगा खत्म, किराया भी होगा कम – The Purnagiri Jan Shatabdi Train Will Lose Its ‘superfast’ Status, And Its Fare Will Also Be Reduced

November 15, 2026


हापुड़। रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए 18 ट्रेनों को लेकर बड़ा फैसला किया है। एक जनवरी 2027 से इन ट्रेनों का सुपरफास्ट दर्जा समाप्त कर इन्हें सामान्य एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा। इसके साथ ही ट्रेनों के नंबर भी बदल जाएंगे। इसमें हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली पूर्णागिरी जनशताब्दी ट्रेन भी शामिल है। सुपरफास्ट का दर्जा खत्म होने से यात्रियों को टिकट बुक कराते समय अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा और यात्रियों को टिकट के किराए में भी राहत मिलेगी।

ट्रेन को सुपरफास्ट का दर्जा देने के लिए उसकी औसत रफ्तार कम से कम 55 किलोमीटर प्रति घंटा होनी चाहिए। इसके लिए ट्रेन की कुल दूरी और यात्रा में लगने वाले समय के आधार पर औसत गति निकाली जाती है। आने और जाने, दोनों दिशाओं की गति का आकलन किया जाता है। रेलवे की समीक्षा में पूर्णागिरी जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की औसत रफ्तार निर्धारित मानक से कम पाई गई।

इसके बाद ट्रेन को सुपरफास्ट श्रेणी से हटाकर सामान्य एक्सप्रेस बनाने का निर्णय लिया गया। नए साल से यह व्यवस्था लागू होने पर हापुड़ से सफर करने वाले यात्रियों को भी किराए में राहत मिलेगी। सुपरफास्ट ट्रेन में सामान्य किराए के अतिरिक्त सुपर फास्ट शुल्क लिया जाता है। सामान्य एक्सप्रेस श्रेणी में आने के बाद यह शुल्क समाप्त हो जाएगा। इससे किराए में यात्रियों को 30 रुपये तक की बचत होगी।

मुरादाबाद रेलवे मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव का कहना है कि नए साल से पूर्णागिरी जनशताब्दी सहित अन्य ट्रेनों का सुपरफास्ट का दर्जा समाप्त हो जाएगा। जिससे ट्रेनों के नंबरों में बदलाव होगा साथ ही किराए में भी कमी आएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X