Fatehpur News:1.52 लाख हड़पने को चालक ने परिवार संग रची लूट की झूठी कहानी – Driver And His Family Concocted A Fake Robbery Story To Misappropriate 1.52 Lakh
बहुआ (फतेहपुर)। रुपये हड़पने की नीयत से हाईवे पर लूट की फर्जी सूचना देने के मामले में लोडर चालक और उसके परिजन के खिलाफ गाड़ी मालिक के पुत्र ने ललौली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कानपुर नगर के पनकी कालिंदी नगर निवासी आशीष अवस्थी ने बताया कि पिता राजेश अवस्थी लोडर के मालिक हैं। उनके लोडर पर कानपुर के घाटमपुर स्टेशन रोड निवासी राज शुक्ला पुत्र सुशील शुक्ला चालक है। शनिवार को चालक कानपुर से नमकीन लादकर बांदा जिले के बबेरू और बदौसा गया था।
यहां नमकीन की डिलीवरी करने के बाद वह 1,52,735 रुपये लेकर कानपुर लौट रहा था। इसी दौरान उसने गाड़ी में गोली मारकर नकदी लूटे जाने की सूचना दी। इस पर वह ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ स्थित घटनास्थल पर पहुंचा।
यहां राज का पिता सुशील शुक्ला, बहन रुपाली शुक्ला, बहनोई का छोटा भाई अमन तिवारी और एक अज्ञात व्यक्ति पहले से मौजूद थे। जांच के दौरान जीपीएस लोकेशन में अंतर मिला और गाड़ी में गोली लगने का कोई निशान नहीं मिला।
पूछताछ में रुपये हड़पने के लिए लूट की फर्जी सूचना देने की साजिश सामने आई। चालक राज शुक्ला के शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने पहुंचकर जांच की। एएसपी ने बताया कि चालक के साथ लूट होने के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि लूट की फर्जी सूचना देने के मामले में चालक और उसके परिजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
