रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुज़फ़्फ़रनगर

एक्यूआई 327 :नई मंडी में हवा सबसे ज्यादा खराब – Aqi 327: Air Quality Worst In Nai Mandi

November 15, 2026


मुजफ्फरनगर। दिवाली के बाद से ही जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 के आसपास बना हुआ है। शनिवार को एक्यूआई स्तर 300 रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बुढ़ाना मोड़ स्थित मॉनिटरिंग स्टेशन पर एक्यूआई 272 और नई मंडी क्षेत्र में 327 दर्ज किया गया।

ठंड बढ़ने के साथ सुबह और शाम के समय वातावरण में धुंध और कोहरे की स्थिति बनने लगी है। हवा में मौजूद धूल, धुएं और सूक्ष्म प्रदूषक कणों का प्रभाव अधिक महसूस हो रहा है। इसके चलते लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतें हो रही हैं।

स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. योगेन्द्र त्रिखा ने बताया कि ओपीडी में सांस और अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। मरीज सुबह और शाम के समय सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गले में खराश की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।

वायु प्रदूषण के कारण अस्थमा, एलर्जी, ब्रोंकाइटिस और सांस संबंधी अन्य बीमारियों के लक्षण बढ़ सकते हैं। लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से फेफड़ों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

प्रदूषण से बचाव के लिए बरतें सावधानी

प्रदूषण और कोहरे के दौरान सुबह जल्दी और देर शाम अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। बाहर निकलना जरूरी हो तो अच्छी गुणवत्ता वाला एन-95 मास्क इस्तेमाल करें। घरों की खिड़कियां और दरवाजे प्रदूषण अधिक होने के समय बंद रखें तथा धूल-धुएं से बचाव करें। खुले में व्यायाम और दौड़ लगाने से परहेज करें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X