सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मिर्ज़ापुर

Mirzapur News:डांटने से नाराज होकर संजय के सिर पर पटरे से किया था वार – Angered By Being Scolded, He Struck Sanjay On The Head With A Wooden Plank

November 16, 2026


मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर में लकड़ी के पटरे से हमला कर संजय की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि फतहवा गांव में दो व्यक्तियों से उसका विवाद हो गया था। इस दौरान संजय ने उसे डांट दिया था। इससे क्षुब्ध होकर उसने संजय पर लकड़ी के पटरे से हमला कर दिया।

12 नवंबर की देर शाम लहंगपुर में सरकारी देसी शराब की दुकान के पास बामी गांव निवासी संजय पर लकड़ी के पटरे से हमला किया गया था। वह अपने साथी मुकेश के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से हुए हमले में संजय जमीन पर गिर पड़े। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां से रेफर किए जाने पर वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा।

थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि संजय के बड़े भाई बुद्धिराम की तहरीर पर बृहस्पतिवार को मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वाराणसी में पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव घर पहुंचने पर हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद रोहित निवासी लहंगपुर के खिलाफ हत्या की धारा बढ़ाई गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पतुलखी ओवरब्रिज के पास से आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में रोहित ने बताया कि 12 नवंबर को दिन में फतहवा गांव में उसका दो अन्य व्यक्तियों से विवाद हुआ था। उस दौरान दूर के रिश्तेदार संजय भी वहां मौजूद थे। उन्होंने उसे डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने संजय पर लकड़ी के पटरे से वार कर दिया था।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X