Chandauli News:छठ के बाद काम पर लौटने वालों के लिए 1050 वर्ग मीटर में बना होल्डिंग एरिया – For Those Returning To Work After Chhath
पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर छठ के बाद काम पर लौटने वालों यात्रियों के सुविधा के लिए तैयारियां तेज कर दी गई है। यहां होल्डिंग एरिया बनाया गया है। वहीं साफ सफाई के साथ ही पेयजल, टॉयलेट आदि की सुविधा मिलेगी। वहीं सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
छठ के बाद अब काम पर वापस लौटने वालों की भीड़ होगी। इसको देखते हुए रेलवे की ओर से कई व्यवस्थाएं की गई है। इसी क्रम में पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर होल्डिंग एरिया बनाया गया है। 1050 वर्ग मीटर में बने होल्डिंग एरिया में 1400 यात्री बैठ सकते हैं। यात्री हॉल में भी यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। इसी तरह पूरे स्टेशन परिसर में आरपीएफ की तैनाती की गई है। इसके तहत प्रवेश निकास द्वार, फुटओवर ब्रिज और प्लेटफॉर्म पर विशेष तैनाती की गई है। इसके साथ ही महिला सुरक्षा कर्मी के साथ ही लोकल पुलिस और जीआरपी भी लगातार सक्रिय रहेगी। मंडल जनसंपर्क अधिकारी विश्वनाथ ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए एटीवीएम चालू हैं। वहीं एमयूटीएस का उपयोग यात्री कर सकते हैं। यहां तक कि होल्डिंग एरिया में टीसी स्टाफ और आरपीएफ की तैनाती की गई है।
इनसेट
स्टेशन पर भीड़ को संभालने के लिए वार रूम बना
पीडीडीयू जंक्शन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंडल कार्यालय में वार रूम बनाया गया है। वहीं पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफॉर्म-2 पर भी वार रूम बनाकर सीसीटीवी से लगातार निगरानी की जा रही है। भीड़ के लिए जल बूथ और वाटर वेंडिंग मशीन के साथ मे आई हेल्प यू बूथ बनाया गया है। स्टेशन पर चिकित्सा दल और स्टैंड बाय एंबुलेंस रखा गया है।
