Roorkee News:दरगाह में अब सिर्फ जुमेरात को होगी कव्वाली – Qawwali At The Dargah Will Now Take Place Only On Thursdays
दरगाह साबिर पाक की धार्मिक मर्यादा और जायरीनों की आस्था को देखते हुए दरगाह प्रबंधन ने परिसर में कव्वाली के आयोजन को लेकर नई व्यवस्था लागू की है। अब दरगाह परिसर में केवल जुमेरात के दिन ही कव्वाली की जा सकेगी। अन्य दिनों में कव्वाली करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस संबंध में रुड़की तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने आदेश जारी किए हैं। साथ ही परिसर में चेतावनी बोर्ड लगवाने के साथ लाउडस्पीकर से भी एलान कराया गया है।
दरअसल, शुक्रवार को दरगाह परिसर में कुछ कव्वाल कव्वाली कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ किन्नरों की ओर से कव्वाली पर नाच-गाना किए जाने का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद दरगाह की धार्मिक मर्यादा को लेकर सवाल उठने लगे थे।
मामले का संज्ञान लेते हुए दरगाह प्रबंधन ने कव्वाली के आयोजन को जुमेरात तक सीमित करने का निर्णय लिया है। दरगाह परिसर में लगाए गए चेतावनी बोर्ड के माध्यम से कव्वालों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जुमेरात के अलावा किसी अन्य दिन कव्वाली का आयोजन न करें। दरगाह के लाउडस्पीकर से भी इसकी सूचना दी गई है।
प्रबंधन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने बताया कि कव्वाली के दौरान नाच-गाने की गतिविधियां सामने आई हैं। शुक्रवार को कव्वाली करने वाले और नाच-गाने का आयोजन कराने वाले लोगों को चिह्नित किया जाएगा। जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दरगाह की धार्मिक मर्यादा और जायरीनों की आस्था के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
