सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sirmour News:नौहराधार में स्वास्थ्य शिविर में 820 लोगों की जांच, 10 ने अंगदान की शपथ ली – Health Camp In Nohradhaar
सिरमौर

Sirmour News:नौहराधार में स्वास्थ्य शिविर में 820 लोगों की जांच, 10 ने अंगदान की शपथ ली – Health Camp In Nohradhaar

November 16, 2026


-सीएचसी में आयोजित मेगा बहु विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं

-120 लोगों के एक्सरे, 220 की आभा आईडी बनाई, मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी बांटीं

संवाद न्यूज एजेंसी

नौहराधार/नाहन (सिरमौर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहराधार में रविवार को मेगा बहु विशेषज्ञ स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। हिमालयन हेल्थ एनवायरनमेंट एवं सोशल वेलफेयर सोसायटी और हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में करीब 820 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।

इस दौरान मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित करने के साथ 120 लोगों के डिजिटल एक्सरे किए गए और 220 लोगों की आभा आईडी बनाई गई। शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश प्रताप ने किया। शिविर में मेडिकल कॉलेज नाहन, आईजीएमसी शिमला और राजगढ़ से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इसमें सामान्य चिकित्सा, हृदय रोग, महिला एवं प्रसूति रोग, हड्डी एवं जोड़ रोग, नेत्र रोग, नाक-कान-गला, बाल रोग और दंत रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। इसके अलावा त्वचा रोग, मधुमेह एवं हार्मोन संबंधी रोग, किडनी रोग, शल्य चिकित्सा, यूरोलॉजी, तंत्रिका रोग और मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित परामर्श भी दिया गया। शिविर में हीमोग्लोबिन, ईसीजी और एचबीए1सी सहित विभिन्न जांचों की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई।

10 लोगों ने अंगदान और नेत्रदान की ली शपथ

शिविर के दौरान 10 लोगों ने मृत्यु के बाद अंगदान और नेत्रदान करने की शपथ ली। सोटो की टीम ने 100 से अधिक लोगों को अंगदान के महत्व के बारे में जागरूक किया। लोगों को बताया गया कि मृत्यु के बाद एक व्यक्ति के अंगदान से आठ जरूरतमंद लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। इस दौरान अंगदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करने की जानकारी भी दी गई।

खंड चिकित्सा अधिकारी संगड़ाह डॉ. सुनील कक्कड़ ने बताया कि शिविर का उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध करवाना था। शिविर को सफल बनाने में नौहराधार व्यापार मंडल, चुड़ेश्वर सेवा समिति, हाटी समिति, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने सहयोग दिया। इस दौरान हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पीसी नेगी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।—————

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X