Hapur News:गांव सांवई में 60 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क का लोकार्पण – Inauguration Of A Road Built At A Cost Of Rs 60 Lakh In Sanwai Village
हापुड़। विधानसभा क्षेत्र हापुड़ के ग्राम सांवई में त्वरित निधि से लगभग 60 लाख रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक विजयपाल आढ़ती ने विधानसभा प्रभारी नरेश अमराला के साथ किया। सड़क का निर्माण पूरा होने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इस विकास कार्य के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक विजयपाल आढ़ती ने कहा कि क्षेत्र का विकास और जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। गांवों में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गांव सांवई में इस सड़क के निर्माण की मांग काफी समय से उठ रही थी। ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों को देखते हुए विधायक की ओर से सड़क निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद त्वरित निधि से सड़क का निर्माण कराया गया।
सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। विशेषकर किसानों, छात्र छात्राओं और दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
लोकार्पण कार्यक्रम में जिला महामंत्री कपिल एसएम, श्यामेंद्र त्यागी, अमित सिवाल, नत्थू प्रधान, मनोज मुखिया, राहुल चौधरी एवं अनिल त्यागी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
