पिलखुवा। हापुड़ से गाजियाबाद की ओर जाने वाले हाईवे पर ट्रक खराब होने से लंबा जाम लग गया। सरस्वती अस्पताल से आगे फ्लाईओवर पर ट्रक बीच सड़क में खराब हुआ। ट्रक इस तरह सड़क के बीचोंबीच खड़ा हो गया कि दूसरे वाहन उसके बगल से नहीं निकल पा रहे थे। इसके चलते हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम मरवाड़ी पुलिस चौकी से हापुड़ बाईपास तक पहुंच गया। फ्लाईओवर पर रास्ता बदलकर निकलने की जगह नहीं होने से वाहन चालक काफी देर तक फंसे रहे। जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात खुलवाने का प्रयास शुरू किया। वाहनों की लंबी कतारों के बीच से घटनास्थल तक पहुंचने में पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खराब ट्रक को सड़क से हटवाया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो सकी। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि खराब ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।