Shamli News:भाजपा नेता पर हत्या की धमकी दिलाने का आरोप – Bjp Leader Accused Of Instigating A Death Threat
शामली। झिंझाना रोड स्थित दिव्या राठी नर्सिंग होम में शनिवार देर शाम स्वास्थ्य विभाग की टीम के निरीक्षण के दौरान विवाद हो गया। सहायक नोडल अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी ने भाजपा नेता एवं अस्पताल संचालक अमित विश्वकर्मा पर अभद्रता कराने और फोन के माध्यम से हत्या की धमकी दिलवाने का आरोप लगाया है। डॉक्टर से अभद्रता के दौरान काफी देर तक हंगामा भी होता रहा।
सहायक नोडल अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी शनिवार देर शाम अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। टीम ने अस्पताल प्रबंधन से पंजीकरण प्रमाणपत्र मांगा, लेकिन वह उपलब्ध नहीं कराया गया। डॉ. दीपक ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के पोर्टल पर दर्ज मरीजों की जानकारी का मिलान किया गया। पोर्टल पर 15 से 16 मरीज भर्ती दिखाए गए थे, जबकि अस्पताल में एक भी मरीज मौजूद नहीं मिला। प्रबंधन की ओर से मरीजों से संबंधित रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं किया गया।
आरोप है कि जांच के दौरान अस्पताल के मैनेजर और कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई की। आरोप है कि भाजपा नेता अमित विश्वकर्मा ने फोन कराकर कई लोगों से उन्हें जान से मारने की धमकी दिलवाई। निरीक्षण के दौरान हुए घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल हो रहा है। दीपक का कहना है कि धमकी के बाद से वह दहशत में है।
भाजपा नेता ने आरोपों को बताया गलत
भाजपा के पश्चिम क्षेत्र ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष और अस्पताल संचालक अमित विश्वकर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी अधिकारी के साथ अभद्रता नहीं की है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी होने की बात कही।
