झालावाड़:पुलिस की डिजिटल स्ट्राइक, 30 हिस्ट्रीशीटरों के इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक, हथियारों की रील्स पर शिकंजा – Jhalawar: Accounts Of 30 History-sheeters Frozen
हथियारों के साथ फोटो और रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर रौब जमाना, गैंगस्टरों का महिमामंडन करना और अपराध को ग्लैमर के रूप में पेश करना अब हिस्ट्रीशीटरों और हार्डकोर अपराधियों पर भारी पड़ रहा है। झालावाड़ पुलिस ने ऐसे अपराधियों के खिलाफ डिजिटल कार्रवाई करते हुए जिले के 30 हिस्ट्रीशीटरों और हार्डकोर अपराधियों के इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक करवा दिए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने और युवाओं को अपराध की ओर आकर्षित करने की कोशिशों पर रोक लगाना है।
पुलिस की कार्रवाई अब केवल सड़क पर होने वाले अपराधों तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराधियों के उस डिजिटल मंच तक भी पहुंच गई है, जहां वे अपनी आपराधिक छवि को ताकत और रुतबे के तौर पर पेश कर रहे थे। साइबर निगरानी के दौरान पुलिस को ऐसे कई सोशल मीडिया अकाउंट मिले, जिनके जरिए अवैध हथियारों का प्रदर्शन, गैंग कल्चर का प्रचार और आमजन में डर पैदा करने की कोशिश की जा रही थी।
हथियारों के साथ रील्स और गैंगस्टरों का महिमामंडन
जिले के कुछ आदतन अपराधियों ने सोशल मीडिया को अपनी पहचान और दबदबा दिखाने का माध्यम बना रखा था। वे इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करते थे। इसके अलावा आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी रील्स बनाना, कुख्यात गैंगस्टरों का महिमामंडन करना और सड़कों पर खतरनाक स्टंट के वीडियो डालना भी उनके अकाउंट की पहचान बन गया था। इन पोस्ट के जरिए आमजन में भय पैदा करने के साथ ही युवाओं को अपराध की दुनिया के प्रति आकर्षित करने की कोशिश की जा रही थी।
एसपी के निर्देश पर साइबर पुलिस की कार्रवाई
एसपी अमित कुमार ने बताया कि जिले के चिन्हित हिस्ट्रीशीटरों और हार्डकोर अपराधियों की सोशल मीडिया गतिविधियां सामने आने के बाद साइबर पुलिस स्टेशन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने निगरानी शुरू की। जांच के दौरान सामने आए अकाउंट के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई। इसके बाद सहयोग पोर्टल के माध्यम से 30 सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक करवाए गए।
22 मुकदमों से लेकर रंगदारी तक का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस की कार्रवाई के दायरे में शामिल प्रमुख 10 अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी गंभीर है। इनमें अरशद उर्फ अय्यूब उर्फ चिंटू के खिलाफ 22, मुकेश उर्फ डेकड़िया के खिलाफ 19 और विक्की उर्फ कालिया के खिलाफ 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, दीपक पारेता पर 11, मो. कैफ खान और रवि उर्फ रविन्द्र सिंह पर आठ-आठ, रमेशचंद तंवर पर सात, शेखर पटोना उर्फ लॉरेंस पर छह और अवधेश खटीक पर चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा अरशद खान उर्फ नन्नू के खिलाफ अपहरण, रंगदारी, एनडीपीएस और पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।
सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी रहेगी पुलिस की नजर
पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि अपराधियों के लिए सोशल मीडिया अब कानून से बचकर अपना रुतबा दिखाने का सुरक्षित ठिकाना नहीं रहेगा। हथियारों का प्रदर्शन करने, गैंगस्टरों का प्रचार करने और अपराध को आकर्षक रूप में पेश करने वाली गतिविधियों पर साइबर पुलिस की निगरानी जारी रहेगी। पुलिस का प्रयास है कि सोशल मीडिया पर अपराध का महिमामंडन करने वालों पर अंकुश लगाया जाए और युवा अपराध की दुनिया को आकर्षक समझने के बजाय उससे दूर रहें।
