हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति जिला हमीरपुर ने गांधी चौक पर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यह प्रदर्शन पेंशनरों की अनदेखी और 17 सूत्री मांगों पर सरकार के नकारात्मक रवैये के विरोध में है। यह धरना लगातार तीन दिनों तक चलेगा। सोमवार को हमीरपुर में हुए प्रदर्शन की अध्यक्षता समिति के जिला अध्यक्ष मनोहर ठाकुर ने की। इसमें कृषि विभाग से पृथ्वी राज शर्मा और शिक्षा विभाग से पुरुषोत्तम सहित करीब 70 पेंशनरों ने भाग लिया। पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नकारात्मक सोच और वादा खिलाफी पर रोष जताया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार पेंशनरों की वित्तीय देनदारियों और पेंशन बकाया का भुगतान नहीं कर रही है। जहां भुगतान हो रहा है, वहां किस्तों में राशि देकर पेंशनरों को परेशान किया जा रहा है।