सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

Bilaspur News:छह वर्ष पुराने चिट्टा तस्करी के मामलों में भी खंगाली जाएंगी आरोपियों की संपत्तियां – The Assets Of The Accused Will Also Be Scrutinized In Cases Involving ‘chitta’ (synthetic Drug) Trafficking Dating Back Six Years

November 16, 2026


इंटरमीडिएट और कमर्शियल क्वांटिटी के मामलों पर पुलिस का फोकस

चार माह में 1.66 करोड़ की संपत्तियां की फ्रीज

संवाद न्यूज एजेंसी

बिलासपुर। चिट्टा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने के लिए बिलासपुर पुलिस ने अब छह वर्ष पुराने मामलों का रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस की नजर इंटरमीडिएट और कमर्शियल क्वांटिटी के मामलों में शामिल आरोपियों की संपत्तियों पर है। ऐसे लोगों की चल-अचल संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन की जांच की जाएगी। खास बात यह है कि संपत्ति फ्रीज करने के लिए आरोपी के खिलाफ चार-पांच मामले दर्ज होना जरूरी नहीं है। निर्धारित छह साल की अवधि में एक मामला भी कार्रवाई के लिए पर्याप्त हो सकता है।

पुलिस पुराने मामलों का विश्लेषण कर आरोपियों की सूची तैयार कर रही है। इसके बाद उनकी संपत्तियों, आय के स्रोतों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल की जाएगी। छोटे स्तर की मात्रा से जुड़े मामलों की संख्या अधिक होने के कारण फिलहाल इंटरमीडिएट और कमर्शियल क्वांटिटी के मामलों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसका उद्देश्य नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करना है।

बिलासपुर पुलिस ने पिछले चार महीनों में नशा तस्करी से जुड़े मामलों में 1,66,67,733 रुपये की संपत्तियां फ्रीज की हैं। इस वर्ष अब तक फ्रीज की गई संपत्तियों का कुल मूल्य 3,01,83,975 रुपये पहुंच गया है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की बरामदगी के साथ उनके आर्थिक नेटवर्क पर भी कार्रवाई कर रही है।

इस प्रक्रिया में आरोपियों के साथ उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों की संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। संबंधित लोगों से संपत्तियां वैध आय के स्रोतों से अर्जित करने के दस्तावेज और प्रमाण मांगे जा रहे हैं। संतोषजनक प्रमाण नहीं मिलने पर नियमानुसार संपत्ति फ्रीज करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। पुलिस पुराने मामलों के आधार पर इस कार्रवाई को और व्यापक बनाने की तैयारी में है।

कोट

नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई केवल आरोपियों की गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है। तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछले छह वर्षों के मामलों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। इंटरमीडिएट और कमर्शियल क्वांटिटी के मामलों में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनकी संपत्तियों और आय के स्रोतों की जांच की जाएगी। नशे के अवैध कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क को तोड़ना पुलिस की प्राथमिकता है।

-अभिषेक धीमान, पुलिस अधीक्षक,बिलासपुर

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X