Bilaspur News:अमरपुर स्कूल के वार्षिक समारोह में मेधावी विद्यार्थी किए सम्मानित – Meritorious Students Honored At Amarpur School’s Annual Function
विद्यार्थियों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंत्री धर्माणी ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत
स्टेज निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरपुर में रविवार को क्लस्टर स्तरीय वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरपुर के अलावा राजकीय प्राथमिक केंद्र विद्यालय अमरपुर, प्राथमिक पाठशाला पनौल, प्राथमिक पाठशाला रिवाल ताल, प्राथमिक पाठशाला विजयपुर सुंगाला के विद्यार्थियों और अध्यापकों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पहाड़ी नाटी, एकल गान, समूह गान, नाटक, लोक नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। वहीं, शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यातिथि ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने स्कूल में स्टेज निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि शीघ्र उपलब्ध करवाने की घोषणा की। धर्माणी ने कहा कि स्कूलों में शिक्षा का वातावरण बेहतर बनाने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाना आवश्यक है। स्टेज का निर्माण होने से विद्यार्थियों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न आयोजनों के लिए उचित मंच मिलेगा। इससे बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास के साथ मंच पर अपनी प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान बच्चों को पढ़ाई के साथ अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देना चाहिए। केवल अच्छे अंक हासिल करना ही सफलता का पैमाना नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच और अच्छे व्यवहार जैसे गुण भी जीवन में आगे बढ़ने के लिए जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता, बल्कि लगातार प्रयास और अनुशासन ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। इस अवसर पर उच्च शिक्षा उपनिदेशक नरेश कुमारी चंदेल, अमरपुर पंचायत प्रधान अनीता, पनौल पंचायत प्रधान रीमा कुमारी, उपप्रधान विजय कुमार, बीडीसी सदस्य कंचन, विद्यार्थी, अभिभावक, अध्यापक आदि उपस्थित रहे।
