उज्जैन में ब्लास्टिंग का कहर:पत्थर उड़कर गिर रहे घरों पर, प्रशासन का अजीब जवाब- घर छोड़कर चले जाओ – Blasting 70 feet below shakes houses in ujjain! stones flying 130 feet away
सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर चल रहे कान्ह क्लोज डक्ट प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य से बड़वई गांव के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। जमीन से करीब 70 फीट नीचे टनल बनाने के लिए की जा रही हेवी ब्लास्टिंग से आसपास के मकानों में तेज कंपन हो रहा है। एक किसान के घर पर पत्थर गिरने से छत को भी नुकसान पहुंचा है। इसके बाद नाराज परिवार ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। सूचना मिलने पर संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे।
130 फीट दूर है किसान का मकान
बड़वई निवासी किसान अंतरसिंह आंजना का मकान प्रोजेक्ट साइट से करीब 130 फीट की दूरी पर है। यहां टनल निर्माण के लिए लगातार ब्लास्टिंग की जा रही है। किसान के बेटे रवि ने बताया कि धमाकों से घर की दीवारें हिलने लगती हैं। ब्लास्टिंग के दौरान उछलकर आने वाले पत्थरों से मकान की छत भी क्षतिग्रस्त हुई है। परिवार ने घर को और नुकसान पहुंचने तथा किसी अनहोनी की आशंका के चलते काम बंद करवा दिया था।
ये भी पढ़ें- भस्म आरती में बाबा महाकाल के शीश दमका सूर्य, राजसी स्वरूप में सजे बाबा महाकाल, जयकारों से गूंजा मंदिर
रिश्तेदार के यहां रहने की सलाह, मरम्मत का आश्वासन
काम रुकने की सूचना पर संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने करीब 10 मिनट तक किसान परिवार से चर्चा कर उनकी समस्या सुनी। प्रशासन ने परिवार को सलाह दी कि ब्लास्टिंग और टनल निर्माण पूरा होने तक वे किसी रिश्तेदार के यहां रह लें।संभागायुक्त ने कहा कि प्रोजेक्ट का समय पर पूरा होना जरूरी है, लेकिन परिवार की सुरक्षा भी प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि टनल का काम पूरा होने के बाद जल संसाधन विभाग मकान की मरम्मत कराकर उसे पहले जैसी स्थिति में लाएगा।
कंपन कम करने के लिए होंगे तकनीकी उपाय
जल संसाधन विभाग के एसडीओ योगेश सेवक ने स्वीकार किया कि ब्लास्टिंग के कारण मकान में कंपन हो रहा है। उन्होंने कहा कि कंपन नियंत्रित करने के लिए तकनीकी उपाय किए जाएंगे और परिवार की परेशानी का ध्यान रखा जाएगा। प्रशासन की समझाइश और आश्वासन के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो सका।
जानिए क्यों खास है यह प्रोजेक्ट?
• उद्देश्य: सिंहस्थ 2028 से पहले इंदौर की कान्ह नदी के गंदे पानी को शिप्रा नदी में मिलने से रोकना, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ जल मिल सके।
• तकनीक: जमालपुरा से सिंगावदा के बीच करीब 12 किलोमीटर लंबी भूमिगत टनल बनाई जा रही है।
• गहराई: अलग-अलग हिस्सों में इस टनल की गहराई 100 फीट तक है। वर्तमान में सिंगावदा क्षेत्र में करीब 70 फीट नीचे खुदाई और ब्लास्टिंग का कार्य चल रहा है।

कान्ह क्लोज डक्ट प्रोजेक्ट का काम चल रहा है।
