Farrukhabad News:तीन जगह फटी पाइपलाइन, घरों में पानी का प्रेशर घटा – Pipeline Burst At Three Places, Water Pressure In Homes Reduced
फर्रुखाबाद। नगर पालिका की लापरवाही से पेयजल की बर्बादी और सड़कों की बदहाली एक साथ सामने आ रही है। टाउनहाल जोन के ढुइया क्षेत्र में तीन स्थानों पर पाइपलाइन फटी होने से रोजाना हजारों लीटर पानी नालियों में बह रहा है। करीब डेढ़ महीने से लीकेज होने के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई। इसका असर घरों की जलापूर्ति पर भी पड़ रहा है। पानी का प्रेशर कम होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, पांच महीने पहले लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई इंटरलॉकिंग सड़क भी धंसने लगी है।
चिलसरा रोड स्थित ढुइया पुलिया से छोटे-बड़े सरकार की दरगाह होते हुए गुदड़ी तक जाने वाले मार्ग पर पाइपलाइन लीकेज की समस्या बनी हुई है। ढुइया तिराहे पर करीब डेढ़ महीने पहले दो स्थानों पर पाइपलाइन फट गई थी। सुबह और शाम जलापूर्ति शुरू होते ही तेज धार से पानी सड़क पर बहता हुआ नालियों में पहुंच जाता है। इसी मार्ग पर ढुइया के पास चिलसरा रोड पर भी पाइपलाइन में लीकेज है। यहां सुबह सब्जी मंडी लगती है। सड़क पर पानी भरने से दुकानदारों और ग्राहकों को आवागमन में परेशानी होती है।
इसके अलावा वाल्मीकि बस्ती के पास नाले के ऊपर गली में करीब 15 दिन से पाइपलाइन फटी है। यहां भी जलापूर्ति के दौरान पानी नाले में बह जाता है। तीनों स्थानों पर लीकेज के कारण करीब दो हजार की आबादी प्रभावित है। लोगों का कहना है कि पानी की बर्बादी के साथ घरों तक पर्याप्त दबाव से पानी नहीं पहुंच रहा है। ढुइया तिराहे पर सड़क धंसने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों के निकलने में भी खतरा बना हुआ है।
कनेक्शनों के लिए खोदी सड़कें भी बनीं मुसीबत
इस मार्ग पर पाइपलाइन लीकेज के अलावा घरेलू कनेक्शन के लिए जगह-जगह सड़क खोदी गई है। कनेक्शन के बाद गड्ढों की ठीक से मरम्मत नहीं कराई जाती। इससे सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। वाहन चालकों को इनसे होकर गुजरना पड़ता है। नई इंटरलॉकिंग सड़क की हालत भी खराब होने लगी है।
जिम्मेदार का पक्ष
नगर पालिका के जलकल विभाग के अवर अभियंता देवव्रत यादव ने बताया कि लीकेज की जानकारी कराई जाएगी। पानी की बर्बादी रोकने के लिए संबंधित कर्मचारियों को भेजकर पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाएगी।
