Fatehpur News:कागजों पर सेहत की गारंटी, अस्पतालों में घुट रहा इलाज का दम – Healthcare Guaranteed On Paper, But Treatment Stifled In Hospitals
फतेहपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए प्रत्येक रविवार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है। दावा है कि यहां मरीजों को जांच, उपचार और मुफ्त दवाओं की सुविधा मिलेगी, लेकिन जमीनी हकीकत सरकारी दावों की पोल खोल रही है।
कहीं डॉक्टर ड्यूटी से नदारद हैं तो कहीं विशेषज्ञ चिकित्सकों का टोटा है। किसी केंद्र पर जरूरी दवाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। बहुआ में डॉक्टर के इंतजार में मरीज भटकते रहे तो गोपालगंज में महिला और बाल रोग विशेषज्ञ नहीं मिले। विजयीपुर में खांसी का एंब्रोस सिरप खत्म होने से मरीजों को निराश लौटना पड़ा। ऐसे में मरीज कहते दिखे कि यहां सिर्फ कागजों पर सेहत की गारंटी है। अस्पतालों में इलाज का दम घुट रहा है।
डॉक्टर आए नहीं, फार्मासिस्ट के भरोसे निपटा मेला
बहुआ। बहुआ पीएचसी में रविवार को ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ऐनुल हक सुबह 11:53 बजे तक अस्पताल नहीं पहुंचे। ओपीडी कक्ष में डॉक्टर की कुर्सी खाली पड़ी रही। इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे मरीज पर्चा बनवाने के बाद चिकित्सक का इंतजार करते रहे। डॉक्टर की गैरमौजूदगी में फार्मासिस्ट अनिल वर्मा पुराने पर्चों पर लिखी दवाएं देते नजर आए। वहीं वार्ड बॉय बबलू मरीजों के पर्चे बना रहे थे।
खांसी, जुकाम, बुखार, सिरदर्द और बदन दर्द की शिकायत लेकर आसपास के गांवों से मरीज पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टर के नहीं मिलने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ी। जिस मेले में मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और उपचार मिलना चाहिए था, वहां डॉक्टर की खाली कुर्सी व्यवस्था की हकीकत बयां करती रही।
विशेषज्ञ न होने पर भटके मरीज
गोपालगंज। गोपालगंज पीएचसी में भी स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली सामने आई। यहां महिला रोग, बच्चों और चर्म रोग के उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं। मरीजों का आरोप है कि अस्पताल में सीमित दवाएं ही मिलती हैं। कई जरूरी दवाओं के लिए उन्हें बाहर मेडिकल स्टोर का सहारा लेना पड़ता है। यहां तक कि मामूली चोट लगने पर मरहम-पट्टी और गर्म पट्टी के लिए जरूरी सामग्री भी उपलब्ध नहीं है।
अस्पताल में ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, मलेरिया और सीबीसी जैसी कुछ जांचों की सुविधा जरूर है, लेकिन विशेषज्ञ उपचार के लिए मरीजों को दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। रविवार को आरोग्य मेले और ओपीडी में डॉ. अभिषेक सैनी, डॉ. हिमांशु गुप्ता समेत स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने मेले में रोस्टर के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग की है।
असोथर पीएचसी में 52 को मिला इलाज
असोथर। पीएचसी में आयोजित आरोग्य मेले में 52 मरीजों का उपचार किया गया। सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक चले मेले में डॉ. महेंद्र मिश्रा ने मरीजों का परीक्षण कर दवाएं और परामर्श दिया। उल्टी-दस्त, बुखार और सर्दी-जुकाम के मरीज पहुंचे। टाइफाइड, मलेरिया और शुगर की जांच की सुविधा रही। चार लोगों ने जांच कराई। कुत्ते के काटने पर बिधातीपुर निवासी अमन कुमार एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने पहुंचे।
दवा न मिलने से मरीज दिखे परेशान
विजयीपुर। पीएचसी में 42 मरीजों का उपचार किया गया। सर्दी, जुकाम, बुखार और खुजली के मरीज अधिक रहे। कुत्ते के काटने से घायल विजयीपुर निवासी शिववर्धन, गोंदौरा निवासी आरव और मटिया निवासी अनामिका का इलाज किया गया। यहां डॉ. जियाउल हक की ड्यूटी रही, लेकिन खांसी का एंब्रोस सिरप का स्टॉक खत्म होने से मरीजों को यह दवा नहीं मिल सकी।
औंग के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 18 मरीज उपचार कराने पहुंचे। इनमें 10 महिलाएं थीं। गर्भवती महिलाओं की जांच की गई और दो लोगों को एंटी रेबीज के टीके लगाए गए। मरीजों का शुगर और ब्लड प्रेशर भी जांचा गया। यहां डॉ. शालिनी समेत स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
आरोग्य मेले को लेकर गंभीरता न दिखाने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने साफ कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
– डॉ. यूबी सिंह, सीएमओ।

फोटो-05-फतेहपुर: बहुआ पीएचसी में खाली पड़ी कुर्सी। संवाद– फोटो : कैडेट्स के घुड़सवारी प्रदर्शन ने किया रोमांचित

फोटो-05-फतेहपुर: बहुआ पीएचसी में खाली पड़ी कुर्सी। संवाद– फोटो : कैडेट्स के घुड़सवारी प्रदर्शन ने किया रोमांचित
