‘नौकरी जाने का डर है तो वर्दी मत पहनिए’, रिटायर्ड IPS ने दी पुलिसवालों को ड्यूटी का मूलमंत्र, वायरल हुआ वीडियो
Last Updated:
रिटायर्ड IPS अधिकारी प्रकाश सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी का खास मंत्र दिया है. उन्होंने कहा कि ‘नौकरी जाने का डर है तो वर्दी मत पहनिए’ और ‘सिर पर कफन और जेब में इस्तीफा’ रखकर चलिए. साथ ही, गलत काम के आगे कभी न झुकने की सलाह दी. उनकी इस सीख में निडरता, ईमानदारी और अपने सिद्धांतों पर कायम रहने का संदेश छिपा है.
रिटायर्ड IPS ने दी पुलिसवालों को ड्यूटी का मूलमंत्र(फोटो: Instagram-@the.prakash.singh)
पुलिस की वर्दी पहनना जितना सम्मान की बात है, इसकी जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी होती है. एक पुलिसकर्मी को कभी अपराधियों का सामना करना पड़ता है, तो कभी अपने ही विभाग और बाहरी दबावों के बीच सही फैसला लेना होता है. कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं, जब ईमानदारी से काम करना आसान नहीं रह जाता. ऐसे में सवाल उठता है कि एक पुलिस अधिकारी को अपनी ड्यूटी निभाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? उसे डर, दबाव और नौकरी जाने की चिंता के बीच किस तरह अपने उसूलों पर कायम रहना चाहिए? इस सवाल का जवाब रिटायर्ड IPS अधिकारी प्रकाश सिंह ने अपने लंबे अनुभव के आधार पर दिया है. उनका एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें वह पुलिसकर्मियों को ऐसा मंत्र देते नजर आ रहे हैं, जो सिर्फ वर्दीवालों के लिए ही नहीं, बल्कि हर जिम्मेदार व्यक्ति के लिए एक सीख है.
कौन हैं रिटायर्ड IPS अधिकारी प्रकाश सिंह?
प्रकाश सिंह देश के जाने-माने पूर्व IPS अधिकारियों में शामिल हैं. वह उत्तर प्रदेश और असम के पुलिस महानिदेशक (DGP) रह चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाली है. पुलिस व्यवस्था में सुधार के लिए किए गए उनके प्रयासों के चलते उन्हें भारत में पुलिस सुधारों का जनक भी कहा जाता है. साल 1959 बैच के इस अधिकारी को देश सेवा के लिए वर्ष 1991 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था. पुलिस विभाग में काम करने का उनका लंबा अनुभव रहा है. इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने पुलिसकर्मियों को एक ऐसी सलाह दी है, जो इन दिनों खूब चर्चा में है. उनका कहना है कि पुलिसवालों को हमेशा ‘सिर पर कफन और जेब में इस्तीफा’ लेकर चलना चाहिए. अब इस बात के पीछे उनका क्या तर्क है, आइए समझते हैं.
मौत का डर छोड़कर पूरी हिम्मत से करें ड्यूटी
प्रकाश सिंह वायरल वीडियो में बताते हैं कि पुलिस की नौकरी में कई बार ऐसी परिस्थितियां सामने आती हैं, जहां अधिकारी को अपनी जान जोखिम में डालकर भी जिम्मेदारी निभानी पड़ सकती है. उन्हें ऐसे स्थानों पर जाना पड़ता है, जहां खतरा मौजूद होता है. ऐसे समय में डरकर पीछे हटने के बजाय पूरी हिम्मत और जिम्मेदारी के साथ अपना काम करना चाहिए. उनके मुताबिक, इंसान की मौत का दिन और समय पहले से तय होता है. कोई भी व्यक्ति उसे एक सेकंड आगे या पीछे नहीं कर सकता. ऐसे में हर समय डर के साये में रहकर ड्यूटी करने का कोई मतलब नहीं है. उनका संदेश है कि जब आपने वर्दी पहनकर देश और समाज की सेवा करने का फैसला किया है, तो मुश्किल परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटना चाहिए.
View this post on Instagram
