फतेहाबाद। गांव धांगड़ निवासी एक व्यक्ति का व्हाट्सएप हैक कर साइबर ठगों ने उसके एसबीआई बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित को ठगी का पता तब चला, जब उसने गूगल-पे पर अपने खाते का बैलेंस चेक किया। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अनिल कुमार ने बताया कि एक कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर है। उसका मोबाइल नंबर एसबीआई के बैंक खाते से रजिस्टर्ड है। 9 नवंबर को दोपहर करीब 11 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका व्हाट्सएप हैक कर लिया। अगले दिन उसके बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए गए। 11 नवंबर को बैलेंस चेक करने पर उसे खाते से रुपये कटने का पता चला। पीड़ित ने दावा किया कि उसने न तो कोई लेनदेन किया और न ही किसी के साथ ओटीपी साझा किया।
जांच अधिकारी एवं थाना प्रभारी राहुल देव का कहना है कि मामले में शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की फिलहाल जांच की जा रही है। जांच के लिए रिकॉर्ड लिया गया है।